देवरिया। ‘एक पेड़ मां के नाम’ वृहद वृक्षारोपण महायज्ञ के तहत शासन के नामित नोडल अधिकारी रविंद्र कुमार प्रथम और जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने रविवार को बैतालपुर विकासखंड के सिरजम ग्राम पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र और अमृत सरोवर पर पौधरोपण किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में अंत्योदय कार्डधारक परिवारों और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को फलदार पौधे वितरित किए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि इन पौधों से भविष्य में परिवारों को पौष्टिक फल मिलेंगे और पर्यावरण भी समृद्ध होगा। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र पर फलदार तथा रुद्राक्ष के पौधे भी लगाए।
नोडल अधिकारी और जिलाधिकारी ने कहा कि सुरक्षित एवं संतुलित पर्यावरण के लिए जनभागीदारी जरूरी है। सभी नागरिक अपनी मां के नाम एक पौधा लगाकर जनपद को हरा-भरा बनाने में सहयोग करें।
कार्यक्रम में ग्रामवासी, छात्र-छात्राएं और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी शामिल हुए। बाद में दोनों अधिकारियों ने गौरी बाजार विकासखंड के पाननकुंडा और इंदुपुर स्थित अमृत सरोवरों के तट पर भी पौधरोपण किया। उन्होंने स्काउट-गाइड तथा छात्र-छात्राओं से संवाद कर उन्हें पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रेम नारायण सिंह, डीसी मनरेगा आलोक पांडेय समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
