एक पेड़ मां के नाम अभियान में 40 लाख पौधरोपण का क़ृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने किया शुभारंभ

Spread the love

देवरिया। प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने रविवार को बरियारपुर में छोटी गंडक नदी के तट पर पौधरोपण कर जनपद में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत 40 लाख पौधरोपण महायज्ञ-2026 का शुभारंभ किया। इस दौरान रामपुर कारखाना विधायक सुरेंद्र चौरसिया समेत जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में लोगों ने पौधे लगाए।
कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर शुरू हुए इस अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाना है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में इस वर्ष 40 करोड़ और देवरिया में 40 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने लोगों से गांव, खेत, बगीचे, मंदिर, तालाब, अमृत सरोवर और सड़क किनारे अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि वृक्ष जीवन के लिए आवश्यक ऑक्सीजन का प्रमुख स्रोत हैं। भावी पीढ़ियों को सुरक्षित और स्वच्छ पर्यावरण देने के लिए हर व्यक्ति को पौधरोपण करना चाहिए। फलदार पौधों की आवश्यकता पर जोर देते हुए उन्होंने आम, कटहल, सहजन और आंवला जैसे पौधे लगाने की सलाह दी। अंत्योदय कार्डधारकों को फलदार पौधे उपलब्ध कराने की जानकारी भी दी। साथ ही “हर खेत में मेड़ और हर मेड़ पर पेड़” की परंपरा को फिर से अपनाने का आह्वान किया।
विधायक सुरेंद्र चौरसिया ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी मां के नाम एक पौधा अवश्य लगाए। उन्होंने गंडक नदी के दोनों किनारों पर बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण और उनके संरक्षण की आवश्यकता बताई।
अभियान के तहत जिले के प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, विद्यालयों, पंचायत भवनों, ग्राम सचिवालयों, चारागाहों और तालाबों के तटबंधों पर पौधरोपण किया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्कूली बच्चों, किसानों और अंत्योदय कार्डधारकों को पौधे वितरित किए गए तथा विद्यार्थियों ने जागरूकता रैली निकालकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

Previous post नोडल अधिकारी व डीएम ने किया पौधरोपण, वितरित किये फलदार पौधे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *