जनता दर्शन में आयुष्मान कार्ड और दिव्यांग पेंशन के मामलों पर डीएम ने दिखाई संवेदनशीलता

Spread the love

 देवरिया।  जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने मंगलवार को आयोजित जनता दर्शन में फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित अधिकारियों को उनका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। जनता दर्शन में सलेमपुर तहसील के ग्राम इटहुआ निवासी गीता देवी ने बताया कि उनके पति गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं। उपचार में परिवार की पूरी जमा-पूंजी खर्च हो चुकी है और आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण इलाज कराना मुश्किल हो गया है। उन्होंने आयुष्मान कार्ड बनवाने की मांग की। इसी तरह भटनी विकासखंड के ग्राम पड़ौली निवासी राजमती देवी ने भी परिवार के इलाज के लिए आयुष्मान कार्ड जारी कराने का अनुरोध किया। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को दोनों मामलों में पात्रता के अनुसार तत्काल आयुष्मान कार्ड जारी कराने के निर्देश दिए। वहीं भलुअनी नगर पंचायत की साधनी देवी ने दिव्यांग पेंशन बंद होने की शिकायत करते हुए उसे दोबारा शुरू कराने की मांग की। इस पर डीएम ने जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी को आवश्यक जांच कर पात्रता के अनुसार पेंशन बहाल कराने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि जनता दर्शन में आने वाली प्रत्येक शिकायत का पारदर्शी और संवेदनशील तरीके से निस्तारण किया जाए तथा पात्र लोगों को शासन की योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए।

Previous post कस्तूरबा विद्यालय में खाद्य पदार्थों की हुई जांच
Next post सरकारी भूमि उपलब्ध कराने और राजस्व मामलों के निस्तारण में डी एम ने तेजी लाने का दिया निर्देश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *