देवरिया। जिले की भटनी पुलिस ने यूकेलिप्टस की लकड़ी लूटने की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर लूटी गई 28 कुंतल यूकेलिप्टस की लकड़ी (166 बोटा) तथा घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सल्लहपुर आमबाग से सल्लहपुर निवासी 30 वर्षीय संजय यादव को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने साथियों के साथ 18 जुलाई की रात ट्रैक्टर-ट्रॉली रोककर चालक का मोबाइल छीनने और लकड़ी उतरवाने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर सल्लहपुर मंदिर के पास से लूटी गई लकड़ी बरामद कर ली गई।
मामले में बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी कारोबारी विमल अग्रवाल की तहरीर पर पहले ही मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार घटना में शामिल तीन अन्य आरोपितों शिव यादव, विकास यादव और श्रीराम यादव की गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं। कार्रवाई उपनिरीक्षक देवेंद्र बाटव व भटनी पुलिस टीम ने की।
