शशि थरूर ने न्यूज एजेंसी PTI को दिए इंटरव्यू में कहा कि भाजपा का 400 पार का दावा करना एक मजाक है। 300 पार करना उनके लिए असंभव है। उनके लिए 200 पार करना चुनौती है। भाजपा को केरल, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में एक भी सीट नहीं मिलेगी। दक्षिण के राज्यों में उनका (भाजपा का) प्रदर्शन 2019 से भी खराब रहेगा।
थरूर तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस उम्मीदवार हैं। इस सीट पर 26 अप्रैल (दूसरे चरण) को वोटिंग हो चुकी है। भाजपा ने यहां से केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर और CPI ने पी रवींद्रन को उतारा है।
थरूर ने ये भी कहा कि अब तक 190 सीटों पर चुनाव हो चुके हैं। मुझे अपने सूत्रों से काफी पॉजिटिव जानकारी मिली है। हम यह नहीं कह रहे हैं कि कोई जबर्दस्त लहर है, लेकिन निश्चित रूप से सरकार के लिए कोई लहर नहीं है।
इससे पहले, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने गुरुवार को मध्य प्रदेश के मुरैना में चुनावी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी 45 साल में सबसे ज्यादा है। माता-पिता मेहनत से बच्चों को पढ़ाते हैं। चाहते हैं कि उनके बच्चों का भविष्य उज्जवल हो। महंगाई इतनी बढ़ गई है कि इतना करना भी मुश्किल है। मिट्टी का तेल, दाल, सब्जियों सबका भाव बढ़ गया है। पढ़ें पूरी खबर…
लोकसभा चुनाव के अपडेट्स यहां पढ़ें …
भाजपा ने महाराष्ट्र के पालघर से हेमंत विष्णु सावरा को उम्मीदवार बनाया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक निजी न्यूज चैनल को इंटरव्य दिया। इसमें कांग्रेस, मोदी की गारंटी, संविधान, बंगाल जैसे कई मुद्दों पर बात की।
मोदी की 7 बातें…
1. 2014 में जब मैं चुनाव में था तो लोगों के मन में उम्मीद थी, 2019 में ये उम्मीद विश्वास में बदल गई। 2024 में अब वो उम्मीद और विश्वास… गारंटी बन चुकी है।
2. गारंटी ऐसे नहीं बनती है, एक लंबी तपस्या के बाद आपके शब्द ही गारंटी बन जाते हैं। मेरा हर शब्द एक जिम्मेदारी है, हर शब्द एक गारंटी है। उनकी (राहुल गांधी) दादी, पिताजी और माताजी ने गरीब हटाने की बातें कीं और अब वो (राहुल गांधी) कह रहे हैं कि हम खटाखट गरीबी हटा देंगे, एक झटके में गरीबी हटा देंगे। इस पर कौन भरोसा करेगा।
3. उन्होंने (कांग्रेस) अपनी डिक्शनरी मुझे गालियां देने के लिए इस्तेमाल कर ली है। हो सकता है ये गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बन जाएगा, क्योंकि उन्होंने इतनी भद्दी, इतनी ज्यादा, इतनी बार गालियां दी हैं। लेकिन मैं परमात्मा में श्रद्धा रखता हूं, शिव और शक्ति का उपासक हूं और शिव ने तो विष पीना सिखाया है। अगर मुझे अमृत की हिफाजत करनी है तो विष पीना है।
4. उनका इतिहास देख लीजिए… जो पार्टी, कांग्रेस पार्टी के संविधान की पवित्रता को नहीं मानती है, वो पार्टी देश के संविधान को कैसे मानेगी। कांग्रेस पार्टी के संविधान को नष्ट करने का काम उनके ही परिवार ने किया है। उन्होंने संविधान की मर्यादाओं को तोड़ा है।
5. भारत का संविधान अनुभवी लोगों ने बैठकर बनाया है, लेकिन शहबानो केस में सुप्रीम कोर्ट ने जो निर्णय किया था… इन्होंने वोटबैंक के लिए संविधान को समर्पित कर दिया। सुप्रीम कोर्ट संविधान की एक बहुत बड़ी इकाई है, इन्होंने उसकी भावना को नष्ट करके संविधान बदल दिया। इन्होंने संविधान का उपयोग सिर्फ अपने एकाधिकार के लिए किया, वोटबैंक के लिए किया।
6. कांग्रेस अपने हिडेन एजेंडे पर पर्दा डालने के लिए झूठी बातें करती है। उनका हिडन एजेंडा है- अपने वोट बैंक को संभालना। उनको लगता था कि वो अगर राम मंदिर गए, तो उनका वोट बैंक चला जाएगा। वोट बैंक को बचाने के लिए उन्होंने अब मंदिर जाना भी बंद कर दिया है।
7. दुर्भाग्य से पहले लाल वालों ने और अब टीएमसी वालों ने, पिछले 50 साल में बंगाल की महान परंपरा और विरासत को तहस-नहस कर दिया है। अब बंगाल में लोगों ने बीजेपी को स्वीकार कर लिया है। बंगाल बीजेपी के लिए चुनौती नहीं है, बल्कि देश के लिए चुनौती है।
उज्ज्वल निकम ने स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर पद से इस्तीफा दे दिया है। वे महाराष्ट्र में 9 केस लड़ने वाले थे। भाजपा ने 28 अप्रैल को उन्हें मुंबई नॉर्थ सेंट्रल सीट से लोकसभा उम्मीदवार घोषित किया था। निकम ने ही 1993 मुंबई बम ब्लास्ट और 26/11 मुंबई हमले के आतंकी अजमल कसाब के खिलाफ केस लड़ा था। निकम ने 1979 में प्रैक्टिस शुरू की थी।
गुजरात के जामनगर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को जाम साहब शत्रुसल्यसिंह से उनके आवास पर मुलाकात की।मोदी ने पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया।
पीएम ने ट्वीट किया, “उनके साथ अद्भुत बातचीत हुई। उनसे मिलना हमेशा सुखद होता है। उनकी गर्मजोशी और बुद्धिमत्ता अनुकरणीय है।”
केंद्रीय मंत्री और अमेठी लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार स्मृति ईरानी गुरुवार को अमेठी के गौरीगंज में एक ‘मुंडन’ समारोह में शामिल हुईं। स्मृति ने वहां परिवार से मिलकर गिफ्ट और मिठाइयां दीं।
पाटलिपुत्र लोकसभा सीट से आरजेडी प्रत्याशी और लालू यादव की बड़ी बेटी मीसा भारती ने पीएम नरेंद्र मोदी को बूढ़ा कहा है। गुरुवार को बिहटा में चुनाव प्रचार के दौरान मीसा भारती ने कहा कि एक तरफ देश के अग्निवीर सैनिक 4 साल में रिटायर हो जाएंगे, वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 75 साल के बूढ़े हो गए हैं। इसके बाद भी जनता से तीसरी बार मौका मांग रहे हैं।
मीसा ने आगे कहा कि आम जनता ने पिछले 10 सालों में दो बार उन्हें देश चलाने का मौका दिया। उन्होंने 10 साल में लोगों के लिए क्या किया, जो अब तीसरी बार मौका मांग रहे हैं। जनता सब समझ गई है। फिर मौका नहीं देने वाली। पढ़ें पूरी खबर…
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने गुरुवार को कोरबा लोकसभा के चिरमिरी में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मोदी जी खुद को बड़ा ईमानदार बताते हैं, लेकिन इस देश में भ्रष्टाचार की सबसे बड़ी स्कीम लेकर आए।
यह स्कीम थी, जो चंदा देगा, उसका नाम गुप्त रहेगा। इसके तहत अपने बड़े-बड़े मित्रों से चंदा लिया। पहले उनके ऊपर छापा मारा, फिर चंदा लेकर जांच बंद कर दी।
प्रियंका ने कोविड वैक्सीन ‘कोवीशील्ड’ को लेकर कहा कि टीका लगवाकर कुछ लोग मर गए, कुछ बीमार हो गए। पहले सर्टिफिकेट मिलता था, तो उसमें मोदी जी की फोटो होती थी, लेकिन अब लगवाओगे तो नहीं मिलेगी। पढ़ें पूरी खबर…
महिला पहलवानों से यौन शोषण के आरोपों में घिरे बीजेपी नेता बृजभूषण सिंह का यूपी के कैसरगंज से लोकसभा टिकट कट गया है। इस सीट से भाजपा ने उनके बेटे करण भूषण सिंह को मैदान में उतारा है।
भाजपा को आशंका था कि बृजभूषण का टिकट कटने से ठाकुर बिरादरी नाराज हो सकती है।
बृजभूषण सिंह का 6 सीटों पर प्रभाव है। उनके बड़े बेटे प्रतीक भूषण सिंह ने भी इसका ऐलान किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा-करण भूषण सिंह को कैसरगंज से बीजेपी ने अपना प्रत्याशी बनाया है। करण भूषण 3 मई को नामांकन दाखिल करेंगे। पढ़ें पूरी खबर…
कांग्रेस प्रेसिडेंट मल्लिकार्जुन खड़गे ने पीएम मोदी को चिठ्ठी लिखकर कांग्रेस के मैनिफेस्टो पर बहस की मांग की है।
उन्होंने लिखा है कि भाजपा उम्मीदवारों को आपके लिखे पत्र की भाषा और सामग्री से यह ऐसा लगता है कि आपमें बहुत हताशा और चिंता है, जो आपको ऐसी भाषा का उपयोग करने के लिए प्रेरित कर रही है। ये प्रधानमंत्री के पद के लिए उचित नहीं है।
पत्र से ऐसा लगता है कि आपके भाषणों में झूठ का वह प्रभाव नहीं पड़ रहा है जो आप चाहते थे। अब आप चाहते हैं कि आपके उम्मीदवार आपके झूठ को बढ़ाएं। एक झूठ को हजार बार दोहराने से वह सच नहीं हो जाएगा।
खड़गे ने आगे लिखा है कि भाजपा दावा कर रही है कि एससी, एसटी, ओबीसी से आरक्षण छीन लिया जाएगा और हमारे वोट बैंक को दे दिया जाएगा, हमारा वोट बैंक हर भारतीय है। भाजपा के पक्ष में कम मतदान पड़ रहे हैं, जिससे पार्टी चिंतित है। लोग आपकी नीतियों के प्रति उत्साहित नहीं हैं।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार (2 मई) को X पर पोस्ट करते हुए बीजेपी और केंद्र सरकार पर कहा कि नरेंद्र मोदी के आरक्षण हटाओ अभियान का मंत्र है- न रहेगा बांस, न बजेगी बांसुरी, मतलब न रहेगी सरकारी नौकरी, न मिलेगा आरक्षण।
भाजपा सरकार अंधे निजीकरण से सरकारी नौकरियों को ख़त्म कर चुपके-चुपके दलितों, आदिवासियों और पिछड़ों से आरक्षण छीन रही है।
राहुल ने आगे कहा कि साल 2013 में पब्लिक सेक्टर में 14 लाख स्थायी पद थे, जो 2023 तक आते आते सिर्फ 8.4 लाख ही बचे।
BSNL, SAIL, BHEL आदि जैसे टॉप PSU’s को बर्बाद कर लगभग 6 लाख पक्की नौकरियां सिर्फ पब्लिक सेक्टर से ही खत्म कर दी गई – ये वही पद हैं जहां आरक्षण का लाभ मिलता।
सरकारी कार्यों को ठेके पर देकर रेलवे जैसे संस्थानों में जो नौकरियां बैक डोर से खत्म की जा रही हैं, उनकी तो कोई गिनती ही नहीं है। मोदी मॉडल का निजीकरण देश के संसाधनों की लूट है, जिसके जरिए वंचितों का आरक्षण छीना जा रहा है।
कांग्रेस की गारंटी – हम पब्लिक सेक्टर्स को मजबूत करेंगे और 30 लाख रिक्त सरकारी पदों को भर कर हर वर्ग के लिए रोजगार का द्वार खोल देंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र दो दिन के गुजरात दौरे हैं। गुरुवार को पीएम ने आणंद में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, भारत में कांग्रेस कमजोर हो रही है। यहां कांग्रेस मर रही है, तो वहां पाकिस्तान रो रहा है।
पीएम ने आगे कहा कि कांग्रेस के लिए पाकिस्तान के आका दुआ कर रहे हैं। शहजादे को प्रधानमंत्री बनाने के लिए पाकिस्तान उतावला है। पाकिस्तान और कांग्रेस की यह पार्टनरशिप पूर तरह एक्सपोज हो गई है। पूरी खबर पढ़ें
भारतीय जनता पार्टी पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता विजय रूपाणी ने बठिंडा में कहा कि, “पार्टी ने फैसला किया है कि पंजाब में सभी 13 लोकसभा सीटों पर हम अकेले चुनाव लड़ेंगे। हमारे 9 प्रत्याशी घोषित भी कर दिए गए हैं, एक-दो दिन में बाकी 4 प्रत्याशी भी घोषित कर दिए जाएंगे।”
वहीं, राज्य में सत्ता में काबिज आम आदमी पार्टी भी सभी 13 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ रही है। I.N.D.I.A में शामिल होने के बावजूद AAP ने कांग्रेस या किसी अन्य पार्टी के साथ शीट शेयरिंग से इनकार कर दिया था।
झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की बहन अंजनी को ओडिशा के मयूरभंज से लोकसभा उम्मीदवार घोषित किया है। यहां उनका मुकाबला भाजपा के नबा चरण माझी और BJD के सुदाम मार्ंडी से होगा।
अंजनी सोरेन ने 2019 के आम चुनाव में झामुमो उम्मीदवार के रूप में मयूरभंज लोकसभा सीट से चुनाव भी लड़ा था। उन्हें 1,35,552 वोट मिले थे और वह तीसरे स्थान पर रही थीं।
अजमेर सीट के एक बूथ पर वोटर्स रजिस्टर गुम हो जाने के कारण गुरुवार को दोबारा वोटिंग हो रही है। चुनाव आयोग ने 26 अप्रैल को दूसरे चरण में इस बूथ पर हुए मतदान को रद्द घोषित कर दिया था, क्योंकि पोलिंग ऑफिसर से 17-ए रजिस्टर (मतदाताओं का) गुम हो गया था। चुनाव विभाग के मुताबिक अजमेर संसदीय क्षेत्र के नांदसी पोलिंग बूथ पर सुबह 7 बजे मतदान शुरू हो चुका है, जो शाम 5 बजे तक चलेगा। रीपोलिंग में कुल 753 वोटर्स वोटिंग करेंगे। इस की वेबकास्टिंग भी की जा रही है। राजस्थान में कुल 25 लोकसभा सीटें हैं, जिनमें से 12 पर 19 अप्रैल को पहले चरण में और 13 पर 26 अप्रैल को दूसरे चरण में मतदान हुआ था। पढ़ें पूरी खबर…
कांग्रेस नेता राहुल गांधी गुरुवार को कर्नाटक में दो जनसभाओं में शामिल होंगे। कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस ने यह जानकारी दी। वह दोपहर 1 बजे शिवमोगा के फ्रीडम पार्क में एक चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह शाम 4.25 बजे दूसरे कार्यक्रम के लिए रायचूर के लिए रवाना होंगे।
बढ़ती गर्मी के चलते EC ने तेलंगाना में वोटिंग के समय में इजाफा किया है।
EC ने वोटिंग के समय को सुबह 7 बजे से लेकर शाम 5 बजे की जगह सुबह 7 बजे से शाम 6 तक कर दिया है।
राज्य की 17 लोकसभा सीटों के लिए चौथे फेज में 13 मई को वोटिंग होनी है। 12 लोकसभा क्षेत्रों के सभी विधानसभा क्षेत्रों में यह नियम लागू होगा। जबकि बची हुई 5 संसदीय सीटों की कुछ विधानसभा क्षेत्रों में समय लागू होगा।
करीमनगर, निज़ामाबाद, ज़हीराबाद, मेडक, मल्काजगिरी, सिकंदराबाद, हैदराबाद, चेवेल्ला, महबूबनगर, नगरकुर्नूल (एससी), नलगोंडा और भोंगिर लोकसभा सीट पर मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा।
लोकसभा चुनाव के बीच कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी गुरुवार (2 मई) को पहली बार मप्र आ रही हैं।
प्रियंका मुरैना से कांग्रेस प्रत्याशी सत्यपाल सिंह सिकरवार नीटू के पक्ष में दोपहर 2 बजे जनसभा करेंगी। दो दिन पहले राहुल गांधी भिंड लोकसभा क्षेत्र में आए थे।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आशंका जताई है कि भाजपा नतीजों में हेरफेर कर सकती है, क्योंकि कई ईवीएम गायब पाई गईं।
साथ ही उन्होंने लोकसभा चुनाव के शुरुआती दो चरणों की वोटिंग के अंतिम आंकड़े जारी करने में देरी के लिए चुनाव आयोग की आलोचना की। उन्होंने आयोग से पूछा कि आखिर डेटा देने में इतनी देरी क्यों हुई है। पूरी खबर पढ़ें
तेलंगाना के पूर्व CM और BRS प्रमुख के चंद्रशेखर राव पर चुनाव आयोग ने 1 मई को 48 घंटे तक चुनाव प्रचार करने पर बैन लगाया।
आयोग ने KCR पर यह एक्शन कांग्रेस के खिलाफ अपमानजनक और आपत्तिजनक बयान देने पर लिया है। अब KCR 1 मई की 8 बजे से अगले 48 घंटे तक चुनाव प्रचार नहीं कर सकेंगे।
लोकसभा के साथ 4 राज्यों- आंध्र प्रदेश, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के विधानसभा चुनाव की तारीखें भी जारी कर दी गई हैं। ओडिशा में 13 मई, 20 मई, 25 मई और 1 जून को वोटिंग होगी। बाकी तीन राज्यों में एक फेज में चुनाव होंगे। अरुणाचल और सिक्किम में 19 अप्रैल, आंध्र प्रदेश में 13 मई को वोट डाले जाएंगे।
इलेक्शन शेड्यूल में सीटों की संख्या 543 से बढ़कर 544 हो गई है। इसकी वजह मणिपुर की आउटर मणिपुर लोकसभा सीट है। इस लोकसभा सीट में 28 विधानसभा सीटें है। 15 विधानसभा सीटों में 19 अप्रैल को और 13 विधानसभा सीटों में 26 अप्रैल को मतदान होगा। पूरी खबर पढ़ें
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.
