दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने शनिवार को AAP के लिए प्रचार शुरू किया। उन्होंने पूर्वी दिल्ली से पार्टी उम्मीदवार कुलदीप कुमार के समर्थन में कोंडली इलाके में रोड शो किया। उन्होंने कहा कि आपका CM शेर है, उसे कोई तोड़ नहीं सकता, झुका नहीं सकता। हम तानाशाही हटाने, लोकतंत्र बचाने के लिए वोट करेंगे।
इससे पहले, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शनिवार 27 अप्रैल को असम के गुवाहाटी में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बहती नदी की तरह है। कुछ लोगों के चले जाने से इस पर कोई असर नहीं पड़ता।
खड़गे ने कहा- भाजपा कहती है कि भ्रष्टाचारियों को जेल में डालना चाहिए। लेकिन जब भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना करने वाले नेता उनकी पार्टी में शामिल होते हैं, तो उन्हें गोद में बैठाया जाता है। उन्हें राज्यसभा या विधानसभा में भेजा जाता है।
अमेठी की जगह केरल के वायनाड से राहुल के चुनाव लड़ने की आलोचना पर खड़गे ने कहा कि कांग्रेस नेताओं पर सवाल उठाने वालों को बताना चाहिए कि अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी ने कितनी बार अपनी सीटें बदली हैं। खड़गे ने कहा कि अमेठी और रायबरेली सीट पर प्रत्याशियों के नाम की घोषणा के लिए थोड़ा इंतजार करना होगा।
देशभर में लोकसभा चुनाव से जुड़े अपडेट्स यहां पढ़ें…
बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम और राजद नेता तेजस्वी यादव ने शनिवार को कहा कि लोग पीएम मोदी के नाम पर कहां जीत रहे हैं? वह डिप्रेशन में हैं। पीएम मोदी का मतलब है महंगाई, पलायन, गरीबी और समाज में बंटवारा… हकीकत हम सब जानते हैं। इस बार देश में INDI गठबंधन की सरकार बनेगी, चाहे वे कोई भी साजिश रचें, इस बार जनता चुनाव लड़ रही है और वे (जनता) जीतेंगे।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने शनिवार को पुणे में कहा कि भारतीय आज जीवित हैं क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महामारी के दौरान वैक्सीन बनाने और लगाने की सुविधा प्रदान की। केंद्र की वैक्सीन मैत्री पहल का जिक्र करते हुए देवेंद्र ने कहा कि करीब 100 देश आज उन्हें वैक्सीन की खुराक उपलब्ध कराने और अपने नागरिकों को कोरोनो वायरस के हमले से बचाने के लिए मोदी को श्रेय देते हैं।
भाजपा ने मुंबई नॉर्थ सेंट्रल से मशहूर वकील उज्ज्वल निकम को टिकट दिया है। 2019 में भाजपा ने इस सीट से पूनम महाजन (दिवंगत प्रमोद महाजन की बेटी) को टिकट दिया था। पूनम ने जीत भी दर्ज की थी।
उज्ज्वल निकम ने 26/11 मुंबई हमले के दोषी आतंकी अजमल कसाब के खिलाफ केस लड़ा था और उसे फांसी दिलाई थी। पढ़ें पूरी खबर…
चुनाव आयोग ने कर्नाटक के चामराजनगर लोकसभा क्षेत्र के एक बूथ पर 29 अप्रैल को फिर से वोटिंग कराने का निर्देश दिया है। चामराजनगर लोकसभा क्षेत्र के लिए दूसरे फेज में 26 अप्रैल को वोटिंग हुई थई। इंडिगनट्टा गांव में मतदान केंद्र 146 पर वोटिंग का बहिष्कार कर रहे ग्रामीणों ने तोड़फोड़ की थी। यह बूथ सरकारी लोअर प्राइमरी स्कूल, इंदिगानाथ, 221-हनूर विधानसभा क्षेत्र में बनाया गया था। रिचर्निंग अधिकारी की रिपोर्ट के बाद आयोग ने यहां फिर से वोटिंग कराने के निर्देश दिए।
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में एक रैली में कहा कि कांग्रेस का चुनाव घोषणा पत्र तैयार करने में “विदेशी ताकतें’ शामिल हैं। ठाकुर ने कहा, “कांग्रेस आपके बच्चों की संपत्ति मुसलमानों को देना चाहती है। कांग्रेस देश के परमाणु हथियार खत्म करना चाहती है और देश को देश को जातिवाद और क्षेत्रवाद पर बांटना चाहती है।
उन्होंने कहा कि टुकड़े-टुकड़े गैंग ने कांग्रेस को पूरी तरह से घेर लिया है और उनकी विचारधारा को हाईजैक कर लिया है। आपको तय करना है कि बच्चों की संपत्ति उनके पास रहनी चाहिए या मुसलमानों को मिलनी चाहिए।
हमने मुसलमानों को सभी अधिकार समान रूप से दिए। लेकिन हमने इसे धर्म के आधार पर नहीं दिया, हमने इसे इसलिए दिया क्योंकि यह उनका अधिकार था।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी चोटिल हो गईं। वे दुर्गापुर में चुनाव प्रचार करने गई थीं। जहां हेलिकॉप्टर में चढ़ते समय उनका पैर स्लिप हो गया। इसके पहले वे 14 मार्च को कोलकाता में अपने घर में गिरने से गंभीर रूप से चोटिल हो गईं थीं। तब उनके माथे पर गंभीर और गहरी चोट आई थी। उन्हें SSKM अस्पताल ले जाया गया था, जहां उन्हें कुछ टांके लगे थे।
ममता को पहले कब- कब लगी चोट
कर्नाटक के कलबुर्गी में CM सिद्धारमैया ने PM के मुस्लिमों वाले बयान पर कहा- संविधान में सामाजिक और शैक्षिक तौर पर पिछड़े लोगों के लिए आरक्षण का प्रावधान है।
संविधान में किसी धर्म विशेष की बात नहीं की गई है। प्रधानमंत्री मोदी वोटों का ध्रुवीकरण करना चाहते हैं, इसलिए ऐसे बयान दे रहे हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पिछले दिनों चुनावी सभाओं में कहा था कि प्रधानमंत्री मोदी पहले हमारा घोषणापत्र पढ़ना चाहिए और फिर हम इस पर चर्चा कर सकते हैं। इस पर असम CM ने कहा था कि खड़गे BJP क्यों नहीं जॉइन कर लेते।
गुवाहाटी में जब खड़गे से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा- मैंने मोदी से बात की है, मुख्यमंत्री से नहीं। मैं राज्यसभा में विपक्ष का नेता हूं। तो, संसद में मेरा प्रतिद्वंद्वी कौन है? इसलिए, मैं मोदी से बात करूंगा। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को क्यों परेशानी है? उन्हें यहां हमारे लोगों का सामना करने दें और फिर मेरे बारे में बोलें।
मोदी की झूठ की फैक्ट्री नहीं चलेगी
असम के बारपेटा जिले के कायाकुची में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पार्टी घोषणापत्र को लेकर भाजपा के दावों पर कहा-मोदी की झूठ की फैक्ट्री नहीं चलेगी। उन्होंने कहा कि देश में बेरोजगारी एक बड़ी समस्या है और 65 फीसदी शिक्षित युवाओं के पास कोई नौकरी नहीं है।
कांग्रेस के राज्यसभा सांसद जयराम रमेश ने कहा है कि इस लोकसभा चुनाव में कोई मोदी लहर नहीं है। बल्कि, मोदी जहर है। PM मोदी गलती से भी सच नहीं बोल सकते। बिहार में उन्होंने ये साबित कर दिया।जयराम ने 26 अप्रैल को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपना एक वीडियो मैसेज जारी किया। इसमें उन्होंने कहा- PM मोदी ने बिहार में कहा कि कांग्रेस के न्याय पत्र में 55% विरासत टैक्स का प्रस्ताव है। यह बिल्कुल झूठ है। PM मोदी हमेशा झूठ बोलते हैं। वे बेरोजगारी, महंगाई, आर्थिक संकट से लोगों का ध्यान हटाना चाहते हैं। उनको लगता है कि अगर वे रोज-रोज एक ही झूठ दोहराएंगे, तो लोग कभी न कभी उन पर विश्वास करेंगे।
लोकसभा चुनाव 2024 के लिए बीरभूम से BJP के कैंडिडेट देबाशीष धर का नामांकन रद्द कर दिया गया है। पूर्व आईपीएस अधिकारी देबाशीष धर राज्य सरकार से नो ड्यूज सर्टिफिकेट प्रस्तुत नहीं कर सके। बीरभूम में चौथे चरण यानी 13 मई को वोटिंग होनी है।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा ने कहा है कि पूरा देश चाहता कि मैं सक्रिय राजनीति में आऊं। मैं हमेशा लोगों के बीच रहा हूं। लोग चाहते हैं कि मैं उनके क्षेत्र में रहूं।
वाड्रा ने उत्तर प्रदेश के अमेठी से चुनाव लड़ने पर कहा कि मैंने 1999 से अमेठी में प्रचार किया है। अमेठी से भाजपा की मौजूदा सांसद स्मृति ईरानी ने अपने वादे पूरे नहीं किए हैं।
यह पहली बार नहीं है जब रॉबर्ट वाड्रा ने अमेठी सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई हो। इससे पहले उन्होंने 15 अप्रैल को कहा था कि अमेठी के लोग चाहते हैं कि गांधी परिवार का कोई सदस्य वापस आए, वो उसको भारी बहुमत से जिताएंगे। वे मुझसे भी उम्मीद कर रहे हैं कि अगर मैं राजनीति में अपना पहला कदम रखूं, तो अमेठी से ही चुनाव लड़ूं और सांसद बनूं।
कांग्रेस के अलप्पुझा उम्मीदवार केसी वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि सीपीआई (एम) का लक्ष्य केरल में मतदान प्रतिशत कम करना है। केरल में हुए लोकसभा चुनावों में मतदान अधिकारियों ने मतदाताओं को परेशान किया गया। साथ ही तैयारी के लिए पर्याप्त समय होने के बावजूद मतदान में गड़बड़ी की गई।
सूरत से कांग्रेस प्रत्याशी रहे प्रत्याशी रहे नीलेश कुम्भाणी को कांग्रेस ने 6 साल के लिए पार्टी से निलंबित कर दिया। पार्टी ने उनसे जवाब मांगा था, लेकिन उन्होंने जवाब नहीं दिया।
आरोप है कि नीलेश ने भाजपा से मिलीभगत कर अपना नामांकन रद्द कराया, इससे भाजपा प्रत्याशी मुकेश दलाल निर्विरोध जीत गए थे।
पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में 26 अप्रैल को छापेमारी को लेकर तृणमूल कांग्रेस ने CBI के खिलाफ चुनाव आयोग से शिकायत की है। तृणमूल कांग्रेस ने कहा कि CBI ने पार्टी की छवि खराब करने के लिए दूसरे फेज के चुनाव के दिन संदेशखाली में छापा मारा। TMC ने आरोप लगाया कि CBI ने जानबूझकर संदेशखाली में एक खाली जगह पर छापा मारा।
पार्टी ने अपनी शिकायत में कहा कि लॉ एंड ऑर्डर पूरी तरह से राज्य सरकार के दायरे में आता है, लेकिन CBI ने रेड से पहले राज्य सरकार या बंगाल पुलिस को कोई जानकारी नहीं दी। हैरानी की बात यह है कि छापेमारी के दौरान राज्य प्रशासन के मौके पर पहुंचने से पहले ही मीडिया कर्मी मौजूद थे।
TMC ने कहा कि तब तक देश भर में खबर फैल चुकी थी कि छापे के दौरान हथियार बरामद किए गए हैं। जिन हथियारों की बात की जा रही है, वह तलाशी के दौरान बरामद किए गए या CBI ने खुद ही गुप्त तरीके से उसे वहां रखा था, यह जानने कोई तरीका नहीं है।
CBI ने NSG कमांडो के साथ सर्चिंग की, हथियार-गोला बारूद मिला
CBI ने 26 अप्रैल को संदेशखाली में कई जगहों पर सर्चिंग की थी। इस दौरान जांच एजेंसी विदेशी पिस्टल समेत कई हथियार, बम और गोला-बारूद बरामद किया। सर्चिंग में CBI की पांच टीमों के अलावा बंगाल पुलिस, नेशनल सिक्योरिटी गार्ड्स (NSG) समेत सेंट्रल फोर्सेस मौजूद थीं। पूरी खबर पढ़ें…
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज गुजरात में जनसभाएं और रोड शो करेंगे। शाह की पहली जनसभा राजकोट में सुबह 10.30 बजे होगी। इसके बाद भरुच में दोपहर 1.30 बजे और पंचमहल में दोपहर 3 बजे जनसभाएं करेंगे। वहीं, वडोदरा में शाम 4.30 बजे रोड शो करेंगे।
केरल से एलडीएफ विधायक पीवी अनवर पर विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने के के लिए मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को चौथे दर्जे का नागरिक बताया था और कहा था कि उनके DNA की जांच होनी चाहिए। अनवर ने 22 अप्रैल को केरल के पलक्कड़ में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए यह भी कहा था कि कांग्रेस नेता को गांधी सरनेम का इस्तेमाल नहं करना चाहिए।
त्रिपुरा ईस्ट के दो बूथ पर लोगों ने चुनाव का बहिष्कार किया। वे सड़कों की खस्ता हालत और विकास न होने से नाराज थे। स्थानीय अधिकारियों ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन वे वोटिंग करने नहीं आए।
मुख्य चुनाव अधिकारी पुनीत अग्रवाल के अनुसार उन्हें पोलिंग बूथ से जुड़ी करीब 92 शिकायतें मिलीं थीं।उन सभी का निपटारा कर दिया गया है। इस प्रक्रिया में आचरण नियमों के उल्लंघन के लिए 26 चुनाव अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया गया है।
ईस्ट त्रिपुरा में 26 अप्रैल को सेकेंड फेज की वोटिंग के दौरान रात 8 बजे तक 1664 बूथ पर मतदान हुआ। चुनाव आयोग के मुताबिक यहां 79.66% मतदान हुआ।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आज गाेवा- महाराष्ट्र में दो जनसभाएं है। पहले वे महाराष्ट्र के कोल्हापुर में शाम 5 बजे जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे शाम 7 बजे साउथ गोवा में रैली करेंगे।
चुनाव आयोग ने 16 मार्च को लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों का ऐलान किया। इसी के साथ आचार संहिता भी लागू हो गई। 543 सीटों के लिए चुनाव सात फेज में होगा। पहले फेज की वोटिंग 19 अप्रैल को हो चुकी है। आखिरी फेज की वोटिंग 1 जून को होगी। 4 जून को नतीजे आएंगे। आचार संहिता से लेकर नतीजे तक इसमें 80 दिन लगेंगे।
लोकसभा के साथ 4 राज्यों- आंध्र प्रदेश, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के विधानसभा चुनाव की तारीखें भी जारी कर दी गई हैं। ओडिशा में 13 मई, 20 मई, 25 मई और 1 जून को वोटिंग होगी। बाकी तीन राज्यों में एक फेज में चुनाव होंगे। अरुणाचल और सिक्किम में 19 अप्रैल, आंध्र प्रदेश में 13 मई को वोट डाले जाएंगे।
इलेक्शन शेड्यूल में सीटों की संख्या 543 से बढ़कर 544 हो गई है। इसकी वजह मणिपुर की आउटर मणिपुर लोकसभा सीट है। इस लोकसभा सीट में 28 विधानसभा सीटें है। 15 विधानसभा सीटों में 19 अप्रैल को और 13 विधानसभा सीटों में 26 अप्रैल को मतदान होगा। पूरी खबर पढ़ें …
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.
