यूपी में लोकसभा चुनाव में भाजपा को बड़ा नुकसान हुआ है। 15 हॉट सीट में से सभी का रिजल्ट आ चुका है। सपा-कांग्रेस के गठबंधन को बड़ी कामयाबी मिली है। केंद्र सरकार के 7 मंत्रियों को हार का मुंह देखना पड़ा है।
अमेठी से स्मृति ईरानी, सुल्तानपुर से मेनका गांधी और लखीमपुर खीरी से अजय मिश्रा टेनी को हार का सामना करना पड़ा। वहीं आजमगढ़ में भाजपा प्रत्याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ 124835 वोटों से हार गए। अयोध्या में भाजपा के प्रत्याशी लल्लू सिंह को भी हार मिली। कन्नौज से भाजपा प्रत्याशी सुब्रत पाठक भी हार गए।
राहुल-अखिलेश जीते
वाराणसी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी डेढ़ लाख वोटों के मार्जिन से जीत हासिल कर कांग्रेस के अजय राय को हराया। राहुल गांधी ने रायबरेली से 3.73 लाख वोट से भाजपा के दिनेश प्रताप सिंह को मात दी। कन्नौज सीट पर अखिलेश यादव ने सुब्रत पाठक को 170922 वोटों से हराया।
अयोध्या में हारी भाजपा
फैजाबाद में सपा प्रत्याशी अवधेश प्रसाद ने भाजपा के लल्लू सिंह को 54567 वोटों से हराया। अमेठी सीट पर कांग्रेस के किशोरी लाल शर्मा ने भाजपा की स्मृति ईरानी को 167196 वोटों से मात दी। आजमगढ़ में सपा के धर्मेंद्र यादव ने भाजपा के दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ को 161035 वोटों से हराया।
बृजभूषण के बेटे करणभूषण जीते
कैसरगंज सीट से भाजपा कैंडिडेट करणभूषण ने 148443 वोटों से जीत हासिल की। उन्होंने सपा के भगत राम को हराया। गोरखपुर से रवि किशन ने 103526 वोटों से सपा कैंडिडेट काजल निषाद को हराकर जीत हासिल की। पीलीभीत में भाजपा प्रत्याशी जितिन प्रसाद ने सपा के भगवत शरण गंगवार को 164935 वोटों से मात दी।
खीरी से हारे टेनी, गाजीपुर में अफजाल की जीत
मैनपुरी से डिंपल यादव ने 221639 वोटों से भाजपा प्रत्याशी जयवीर सिंह को मात दी। गाजीपुर से अफजाल अंसारी ने 1.20 लाख मार्जिन से जीत दर्ज करते हुए भाजपा के पारस नाथ राय को हराया। खीरी सीट पर भाजपा के अजय मिश्र टेनी को सपा के उत्कर्ष वर्मा ने 34329 वोटों से मात दी।
पहली बार लोकसभा चुनाव जीते चंद्रशेखर
मथुरा में हेमा मालिनी ने 293407 वोटों से कांग्रेस के मुकेश धनगर को हराया। पहली बार लोकसभा चुनाव में चंद्रशेखर ने नगीना सीट पर जीत हासिल कर अपना खाता खोला। उन्होंने 151473 वोटों से भाजपा के ओम कुमार को हराया। रामपुर सीट पर इंडी गठबंधन के सपा प्रत्याशी मोहिबुल्लाह ने बीजेपी कैंडिडेट घनश्याम लोधी को 87434 वोटों से हराया।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.
