पीएम नरेंद्र मोदी वाराणसी में जीते तो पर कम अंतर से, वजह कहीं ये तो नहीं? – The Lallantop

Spread the love

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने लगातार तीसरी बार वाराणसी से सांसद का चुनाव जीत लिया. उन्होंने कांग्रेस के अजय राय को लगभग डेढ़ लाख वोटों से हराया. पीएम मोदी को वाराणसी से जीत भले मिल गई लेकिन चर्चा उनके जीत के अंतर को लेकर हो रही. क्योंकि इस दफा जीत का मार्जिन 2014 और 2019 के मुकाबले काफी कम है. साल 2014 में पीएम मोदी की जीत का मार्जिन 3.71 लाख वोटों का था. पांच साल बाद यह मार्जिन बढ़कर 4.79 लाख वोटों का हो गया था. 6 लाख से अधिक वोट पाने वाले पीएम नरेंद्र मोदी की जीत का मार्जिन इस बार घटकर डेढ़ लाख वोटों तक आ गया.
पीएम नरेंद्र मोदी को 2024 के लोकसभा चुनाव में 6,12, 970 वोट मिले. वहीं, अजय राय 4,60, 457 वोट हासिल कर पाए. यानी मोदी और राय के बीच जीत-हार का अंतर 1,52,513 वोटों का था. मोदी की जीत का अंतर इतना कम क्यों है? इसे समझने के लिए 2014 से हुए अब तक के तीन लोकसभा चुनावों के नतीजे पर गौर करना होगा. 
2014 में पहली बार वाराणसी से सांसद का चुनाव लड़े नरेंद्र मोदी के सामने आम आदमी पार्टी (AAP) के मुखिया अरविंद केजरीवाल थे.  मोदी ने केजरीवाल को 3,71,784 वोटों से हराया था. मोदी को जहां 56.37 प्रतिशत वोट मिले, जबकि केजरीवाल को 20.30 प्रतिशत वोट से संतोष करना पड़ा. 2014 में कांग्रेस ने अजय राय को पहली बार मौका दिया लेकिन तब उन्हें 7.34 फीसदी वोट के साथ तीसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा.
साल 2019 के चुनाव में पीएम मोदी को वाराणसी सीट से 6,74,664 वोट मिले. उनका वोट परसेंटेज बढ़कर 63.62 हो गया था. 2019 के लोकसभा चुनाव में यूपी की दो बड़ी पार्टी सपा और बसपा में गठबंधन हुआ था. इस गठबंधन की संयुक्त उम्मीदवार सपा की शालिनी यादव 1,95,159 वोट के साथ दूसरे स्थान पर रही थीं. शालिनी को 18.40 फीसदी वोट मिले थे. कांग्रेस के अजय राय को लगभग डेढ़ लाख (1,52,548) वोटों के साथ एक बार फिर से तीसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा था. राय को 14.38 परसेंट वोट मिले थे.
मोदी की जीत का मार्जिन वोट शेयर की तुलना में पहले दो चुनाव के मुकाबले इसबार काफी गिर गया. ‘हिंदुस्तान टाइम्स’ की रिपोर्ट के अनुसार, वाराणसी में कुल पड़े वोटों की तुलना में साल 2014 में मोदी की जीत की मार्जिन 36.1 प्रतिशत था, जबकि यही आंकड़ा 2019 में बढ़कर 45.2 प्रतिशत पहुंच गया. लेकिन इस बार यह अंतर घटकर 13.5 प्रतिशत पर आ गया. इसको ऐसे समझते हैं. 2024 में बनारस में कुल 11 लाख 30 हज़ार 143 वोट पड़े और पीएम मोदी और अजय राय के बीच हार-जीत का अंतर 13.5 परसेंट रहा.
पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में कुल पांच विधानसभा सीटें हैं. इन सभी सीटों पर बीजेपी ने 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में जीत दर्ज की थी. ‘द क्विंट’ की रिपोर्ट के अनुसार, पीएम मोदी को 2019 के मुकाबले 2024 लोकसभा चुनाव में वाराणसी की हर विधानसभा सीट पर कम वोट मिले हैं. जबकि कांग्रेस ने 2019 की तुलना में पांचों विधानसभा सीटों पर अपने प्रदर्शन को सुधारा है. इसमें सबसे अहम है रोहनिया और सेवापुरी विधानसभा. रोहनिया में जहां अजय राय को 2019 में करीब 17 हजार 779 वोट मिले थे, वहीं, इस बार उन्होंने यहां एक लाख से अधिक वोट हासिल किए. सेवापुरी में कांग्रेस को 2019 में 8,685 वोट मिले थे जबकि इस बार वोटों की संख्या बढ़कर 86,751 हो गई. 
पीएम मोदी के वोट मार्जिन में आई कमी का एक कारण विपक्षी एकता बताया जा रहा है. चुनाव आयोग के अनुसार, नरेंद्र मोदी के खिलाफ साल 2014 में 42 कैंडिडेट मैदान में थे. 2019 में सपा और बसपा ने गठबंधन किया और कैंडिडेट की भी संख्या घटकर 26 हो गई. इस बार सपा का गठबंधन कांग्रेस से हुआ था. और 2024 में पीएम मोदी के खिलाफ केवल 7 प्रत्याशी मैदान में थे. लेकिन आंकड़े बताते हैं कि वाराणसी में पीएम मोदी के सामने सपा-बसपा से अधिक मजबूत गठबंधन सपा-कांग्रेस का साबित हुआ. ये तो साफ है कि 2024 में सपा का वोट बड़े आराम से कांग्रेस को ट्रांसफर हुआ. वाराणसी की सभी विधानसभा में दूसरे नंबर पर आए कैंडिडेट के प्रदर्शन में 2019 के मुकाबले 2024 में सुधार आया है.
वीडियो: Varanasi Election Results: PM मोदी जीते, वाराणसी से अजय राय ऐसी टक्कर देंगे, किसने सोचा होगा!
Advertisement
Advertisement
Advertisement
© 2024 LALLANTOP. All rights reserved.
© 2024 LALLANTOP. All rights reserved.
Advertisement

source

Previous post यूपी: अवध और पूर्वांचल में मौसम ने ली करवट, आंधी के साथ हुई बारिश, आज और कल भी ऐसा ही रहेगा मौसम – अमर उजाला
Next post ‘BJP lost Ayodhya, PM Narendra Modi lost credibility, must resign’: Mamata Banerjee on Lok Sabha election results – Hindustan Times

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *