लोकसभा चुनाव-2024 के नतीजे घोषित हो गए हैं. पिछले दो चुनावों के मुकाबले इस बार के चुनाव में सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली. बीजेपी के नेतृत्व वाला एनडीए जहां 292 सीटों पर जीत हासिल करने में कामयाब रहा तो विपक्षी गठबंधन इंडिया के खाते में 234 सीटें आईं. 17 सीटों पर अन्य ने जीत हासिल की. इस बार किसी एक पार्टी को बहुमत नहीं मिला है. 2014 और 2019 के चुनाव में कमाल का प्रदर्शन करने वाली बीजेपी भी इस बार 272 के आंकड़े को नहीं छू पाई.
पार्टी वाइस बात करें तो बीजेपी को सबसे ज्यादा सीटें मिली हैं. उसे 240 सीटों पर जीत मिली है. वहीं कांग्रेस दूसरे नंबर पर रही. मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व वाली इस पार्टी को 99 सीटें पर जीत हासिल हुई. समाजवादी पार्टी ने 37 सीटों पर जीत दर्ज की. ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी को 29 सीटों पर जीत मिली. वहीं तमिलनाडु की पार्टी डीएमके के खाते में 22 सीटें आईं. चंद्रबाबू नायडू की पार्टी टीडीपी के लिए यह चुनाव शानदार रहा. एक तो राज्य में भी वो सरकार बना रही है तो वहीं उसने 16 लोकसभा सीटों पर भी जीत दर्ज की.
नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू के खाते में 12 सीटें आई. वहीं, शिवसेना (यूबीटी) के खाते में 9 सीटें आई. शरद पवार की एनसीपी को 8 सीटें मिलीं. एकनाथ शिंदे की शिवसेना को 7 सीटों पर जीत मिली. इसके अलावा एलजेपी (रामविलास पासवान) के खाते में 5 सीटें आईं. वहीं, YSRCP को 4 सीटों पर जीत हासिल हुई. लालू प्रसाद यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल का प्रदर्शन निराशाजनक रहा. उसे बिहार में सिर्फ 4 सीटों पर जीत मिली. सीपीआई( एम) के खाते में 4 सीटें आई हैं.
