मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ: मोदी की शपथ आज, 40 मंत्री बन सकते हैं; ममता बोलीं- इंतजार करें, I.N.D.I.A. की सरकार ह… – Dainik Bhaskar

Spread the love

नमस्कार,
कल की बड़ी खबर कांग्रेस की दो बैठकों से जुड़ी रही, जिनमें सोनिया गांधी को कांग्रेस संसदीय दल का नेता चुना गया। वहीं, राहुल गांधी को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष बनाए जाने का प्रस्ताव रखा गया।
लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज का प्रमुख इवेंट, जिस पर रहेगी नजर…
अब कल की बड़ी खबरें…
1. नरेंद्र मोदी आज तीसरी बार PM पद की शपथ लेंगे, कैबिनेट में 40 मंत्री शामिल हो सकते हैं
नरेंद्र मोदी आज शाम 7:15 बजे प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह राष्ट्रपति भवन में होगा। मोदी के साथ 40 सांसद भी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। इनमें NDA के 14 सहयोगी दलों के 18 सांसद हो सकते हैं। TDP और JDU से 2-2 और शिवसेना से एक कैबिनेट मंत्री बन सकता है। समारोह में चीन, पाकिस्तान और अफगानिस्तान को छोड़कर 7 देशों- श्रीलंका, बांग्लादेश, मालदीव, सेशेल्स, मॉरिशस, नेपाल और भूटान के राष्ट्राध्यक्ष शामिल होंगे।
पहले और दूसरे टर्म में कितने मंत्री थे: 2014 में मोदी की पहली कैबिनेट में 46 मंत्री थे। इनमें 24 कैबिनेट, 10 राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार और 12 राज्यमंत्री थे। 2019 में मोदी के साथ 58 मंत्रियों ने शपथ ली। दोनों कार्यकाल में मंत्रिमंडल विस्तार के बाद 71 और 72 मंत्री हो गए थे। संविधान के आर्टिकल 75 के मुताबिक, मंत्रिपरिषद में मंत्रियों की संख्या लोकसभा के कुल सदस्यों (543) की संख्या के 15% यानी 81 से ज्यादा नहीं हो सकती।
पं. नेहरू के रिकॉर्ड की बराबरी करेंगे मोदी: लगातार तीसरी बार शपथ लेने के साथ ही मोदी पंडित जवाहर लाल नेहरू के रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगे। नेहरू लगातार तीन बार 1952, 1957 और 1962 में PM बने थे। हालांकि नेहरू की सरकार पूर्ण बहुमत की थी। मोदी की तीसरी पारी गठबंधन से चलेगी। पूरी खबर यहां पढ़ें…
2. सोनिया गांधी कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष; राहुल को विपक्ष का नेता बनाए जाने की मांग
सोनिया गांधी को कांग्रेस संसदीय दल का अध्यक्ष चुना गया है। इससे पहले हुई कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की मीटिंग में राहुल गांधी को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष बनाए जाने का प्रस्ताव रखा गया। राहुल ने इस पर सोचने का समय मांगा है। CWC बैठक में यह संकेत भी मिला है कि राहुल वायनाड सीट छोड़ सकते हैं।
कांग्रेस दिल्ली और हरियाणा में AAP से गठबंधन तोड़ सकती है। कांग्रेस महिला मोर्चा की अध्यक्ष अलका लांबा ने कहा, ‘भ्रष्टाचार के आरोप में केजरीवाल समेत बड़े नेताओं के जेल में होने और स्वाति मालीवाल से मारपीट की वजह से कांग्रेस पार्टी को गठबंधन से नुकसान हुआ। उन्होंने कहा कि पंजाब में हमने AAP के साथ गठबंधन नहीं किया, इसका हमें सीधा फायदा हुआ है।’ AAP के दिल्ली संयोजक गोपाल राय ने 6 जून को कहा था कि कांग्रेस के साथ गठबंधन सिर्फ लोकसभा चुनाव के लिए था।
10 साल से नेता प्रतिपक्ष का पद खाली: 2014 में कांग्रेस को 44 सीटें और 2019 में 52 सीटें मिली थीं। भाजपा के बाद सबसे ज्यादा सीटें कांग्रेस को मिली थीं। फिर भी कांग्रेस से नेता प्रतिपक्ष नहीं बना था। दरअसल, नेता प्रतिपक्ष के पद के लिए किसी भी पार्टी के पास लोकसभा की 10% यानी 54 सीटें होनी चाहिए। कांग्रेस ने इस बार 99 सीटें जीती हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
3. ममता बोलीं- कुछ दिन बाद I.N.D.I.A. सरकार बनाएगा, कौन जानता है 15 दिन में क्या होगा
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का कहना है कि I.N.D.I.A. ब्लॉक कभी भी सरकार बना सकती है। उन्होंने कहा, ‘ऐसा मत सोचिए कि हमने अभी तक सरकार बनाने का दावा पेश नहीं किया है तो कभी नहीं करेगा। हम बस इंतजार कर रहे हैं क्योंकि चीजें बदलती हैं। आखिरकार सरकार I.N.D.I.A. की ही बनेगी, लेकिन NDA को कुछ दिन सरकार चला लेने दीजिए। कौन जानता है कि ये सरकार सिर्फ 15 दिन चले।’
पूरी खबर यहां पढ़ें…
4. 6 राज्यों की 35 जगहों का तापमान 42 डिग्री से ज्यादा; महाराष्ट्र-कर्नाटक में भारी बारिश का अलर्ट
शनिवार को 6 राज्यों- हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, गुजरात कह 35 जगहों का तापमान 42 डिग्री से ज्यादा दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश का प्रयागराज 45.2 डिग्री तापमान के साथ देश में सबसे गर्म रहा। आज महाराष्ट्र और कर्नाटक में भारी बारिश का अलर्ट है। मध्यप्रदेश में मानसून 18 जून तक एंट्री ले सकता है। वहीं राजस्थान में मानसून 25 जून से 6 जुलाई तक दस्तक दे सकता है।
7 राज्यों में हीटवेव का अलर्ट: उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और ओडिशा के कुछ स्थानों में अगले 4 दिन हीटवेव चलने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश में अगले पांच दिन तापमान में 3 से 5 डिग्री की बढ़त हो सकती है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
5. चंद्रबाबू परिवार की संपत्ति 5 दिन में ₹858 करोड़ बढ़ी, हेरिटेज फूड्स के शेयर 55% चढ़े
चंद्रबाबू नायडू परिवार की संपत्ति 5 दिन में 858 करोड़ रुपए बढ़ी है। ऐसा हेरिटेज फूड्स के शेयर्स में 55% उछाल की वजह से हुआ है। 4 जून को हेरिटेज फूड्स का शेयर 455.45 रुपए पर था जो 7 जून को 661.25 रुपए पर पहुंच गया। चंद्रबाबू नायडू की पत्नी भुवनेश्वरी के पास कंपनी में 24.37% हिस्सेदारी है। जबकि बेटे लोकेश और बहू ब्राह्मणी के पास 10.82% और 0.46% हिस्सेदारी है।
नायडू हेरिटेज ग्रुप के फाउंडर: हेरिटेज ग्रुप की स्थापना 1992 में चंद्रबाबू नायडू ने की थी। यह कंपनी डेयरी, रिटेल और एग्री सेगमेंट में काम करती है। हाल ही में हुए आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव में नायडू की तेलुगु देशम पार्टी (TDP) ने 175 में से 135 सीटें जीती हैं। वहीं लोकसभा की 16 सीटें जीती हैं। इससे नायडू की कंपनी पर निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। वे 12 जून को आंध्र प्रदेश के CM पद की शपथ लेंगे।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
6. टी-20 वर्ल्ड कप: साउथ अफ्रीका ने नीदरलैंड को हराया; ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को हराया
8 जून को टी-20 वर्ल्ड कप में 4 मैच खेले गए। एक मैच में अफगानिस्तान ने पहली बार न्यूजीलैंड को हराया। अफगान‍िस्तान ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 159 बनाए। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम महज 75 रन पर ही सिमट गई। दूसरी तरफ बांग्लादेश ने भी श्रीलंका को पहली बार हराया। श्रीलंका ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 124 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेश ने 19 ओवर में 8 विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया।
साउथ अफ्रीका ने नीदरलैंड को 4 विकेट से हरा दिया। नीदरलैंड 20 ओवर में 9 विकेट पर 103 रन ही बना सकी। साउथ अफ्रीका ने 19वें ओवर में ये टारगेट चेज कर लिया। टीम ने एक समय 12 रन पर 4 विकेट खो दिए थे।
पढ़ें पूरी खबर…
वहीं, ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 36 रन से हरा दिया। ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 201 रन का टागरेट दिया। जवाब में इंग्लैंड की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 165 रन ही बना सकी। कप्तान जोस बटलर ने 42 रन की पारी खेली।
पढ़ें पूरी खबर…
7. इजराइल ने 4 बंधक छुड़ाए, इनमें 25 साल की नोआ भी, जिसे हमास लड़ाके 7 अक्टूबर को उठा ले गए थे
इजराइल ने हमास की कैद से 4 बंधकों को छुड़ाया है। इजराइली आर्मी ने गाजा के नुसीरत इलाके में फायरिंग के बीच इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। इस ऑपरेशन में 107 फिलिस्तीनियों की मौत हो गई। एक इजराइली सैनिक भी मारा गया। छुड़ाए गए बंधकों में 25 साल की नोआ अर्गमानी भी है, जिसे हमास लड़ाके 7 अक्टूबर 2023 को जबरन मोटरसाइकिल पर उठा ले गए थे।
अभी भी 120 इजराइली हमास की कैद में: इजराइल डिफेंस फोर्सेस के प्रवक्ता ने बताया कि हमास ने इजराइली नागरिकों को नुसीरत इलाके में 2 अलग-अलग जगहों पर छिपा कर रखा था। इनकी रिहाई के लिए डिफेंस फोर्सेस ने जमीन, हवा और समुद्र से हमले किए। हालांकि 120 इजराइली अब भी हमास की कैद में हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
आज का कार्टून By मंसूर नकवी…
कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…
अब खबर हटके…
₹4.38 करोड़ में नीलाम हुआ स्टार वार्स का एक्शन मॉडल
स्टार वार्स फिल्म सीरीज में इस्तेमाल किया गया एक बोबा फेट एक्शन मॉडल 4.38 करोड़ रुपए में नीलाम हुआ। यह दुनिया का सबसे महंगा स्टार वार्स एक्शन मॉडल बन गया है। इसे गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में भी शामिल किया गया है। इस मॉडल को साल 1979 में बनाया गया था। इस मॉडल की कीमत दुनिया की सबसे महंगी बॉर्बी डॉल से भी अधिक है।
भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…
इन करेंट अफेयर्स के बारे में विस्तार से पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…
मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.

source

Previous post MP News Live Update: MP से संभावित मंत्रियों से मिले नरेंद्र मोदी, 3 सासंद ले सकते हैं शपथ, एक महिला भी शामिल – Zee News Hindi
Next post 'नीतीश को PM का ऑफर आया था…', शपथग्रहण से पहले JDU महासचिव के खुलासे से बढ़ा सियासी पारा – Aaj Tak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *