जम्मू-कश्मीर के रियासी में आतंकियों ने श्रद्धालुओं को ले जा रही बस पर हमला किया है। इसमें 10 लोगों मारे गए हैं, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। नई दिल्ली में पीएम मोदी और नई कैबिनेट के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान रियासी जिले के कंदा इलाके में यह अटैक हुआ।
रियासी की SSP मोहिता शर्मा ने कहा कि शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक आतंकियों ने शिव खोड़ी से कटरा जा रही बस पर ओपन फायर किया, जिसमें ड्राइवर घायल हुआ और उसका बस से कंट्रोल खो गया। इसके चलते बस खाई में गिर गई। 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 33 लोग घायल हो गए।
मोहिता शर्मा ने बताया कि बस में सवार अन्य यात्रियों का रेस्क्यू कर लिया गया है। यात्रियों की पहचान नहीं हो पाई है। ज्यादातर श्रद्धालु उत्तर प्रदेश के हैं। सुरक्षाबलों ने शिव खोड़ी मंदिर इलाके को सिक्योर करके अपने कब्जे में ले लिया है।
मल्लिकार्जुन खड़गे बोले- घाटी में शांति लाने के मोदी सरकार के दावे खोखले
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने रियासी में हुई घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी NDA सरकार शपथ ले रही थी और कई देशों के प्रमुख देश में है, तब श्रद्धालुओं से भरी एक बस पर आतंकी हमला हुआ है। इसमें 10 लोगों की जान चली गई।
तीन हफ्ते पहले ही पहलगाम में एक टूरिस्ट बस पर आतंकियों ने हमला किया था। जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमले लगातार जारी हैं। घाटी में शांति और स्थिरता लाने की नरेंद्र मोदी सरकार (अब NDA सरकार) के दावे खोखले हैं।
जम्मू-कश्मीर के LG बोले- दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा
जम्मू-कश्मीर के लेफ्टिनेंट गवर्नर मनोज सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्थिति का जायजा लिया है और मुझे निर्देश दिया है कि हालात पर नजर रखूं। इस हरकत के पीछे जो भी लोग होंगे उन्हें जल्द से जल्द सजा दी जाएगी। पीएम मोदी ने सभी घायलों को स्वास्थ्य सेवा और मदद मुहैया कराने का निर्देश दिया है।
4 मई को एयरफोर्स के काफिले पर हुआ था हमला
जम्मू-कश्मीर के पुंछ में 4 मई को एयरफोर्स के जवानों पर हुए आतंकी हमले में एक जवान शहीद हो गया था। दरअसल, हमले में पांच जवान घायल हुए थे, जिन्हें एयरलिफ्ट कर उधमपुर के अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान एक जवान की मौत हो गई।
यह हमला पुंछ के शाहसितार इलाके में हुआ। आतंकियों ने सुरक्षा बलों के दो वाहनों पर भारी फायरिंग की। इसमें से एक वाहन एयरफोर्स का था। दोनों गाड़ियां सनाई टॉप जा रही थीं। आतंकियों की गोलियां वाहन के सामने और साइड वाले शीशे को पार कर गईं।
इसी साल जनवरी में भी पुंछ में हमला हुआ था
जम्मू-कश्मीर के पुंछ में इसी साल 12 जनवरी को आतंकियों ने सेना के वाहन पर हमला किया था। इसके बाद जवानों को जवाबी फायरिंग करनी पड़ी। इसमें किसी के भी घायल या मौत की खबर नहीं आई थी।
इंटेलिजेंस के मुताबिक, 250-300 आतंकी भारत में घुसपैठ को तैयार
16 दिसंबर 2023 को BSF के एक सीनियर अफसर ने इंटेलिजेंस के हवाले से जानकारी दी थी कि पाकिस्तान सीमा में 250 से 300 आतंकी लॉन्चपैड पर हैं। ये जम्मू-कश्मीर में घुसपैठ की फिराक में हैं। अफसर ने बताया कि सुरक्षाबलों को अलर्ट कर दिया गया है। सीमा पार से किसी भी तरह की घुसपैठ की कोशिश नाकाम कर दी जाएगी।
बीएसएफ के आईजी अशोक यादव ने पुलवामा में बताया कि आतंकी गतिविधियों को देखते हुए हम (बीएसएफ) और सेना संवेदनशील इलाकों पर नजर रखे हुए हैं और सतर्क हैं। पिछले कुछ सालों में सुरक्षाबलों और कश्मीर के लोगों के बीच जुड़ाव बढ़ा है। अगर लोग हमारा सहयोग करें तो हम विकास के कामों को बेहतर तरीके से आगे बढ़ा सकते हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें…
ये खबर भी पढ़ें…
यूपी के 22 तीर्थयात्रियों की जम्मू में मौत:150 फीट गहरी खाई में गिरी बस, हाथरस-अलीगढ़ से शिव खोड़ी जा रहे थे
30 मई को यूपी से जा रही बस जम्मू के अखनूर में 150 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 22 लोगों की मौत हो गई, जबकि 69 लोग घायल हुए। उन्हें अखनूर के अस्पताल ले जाया गया। गंभीर घायलों को जम्मू मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
हादसा जम्मू-पुंछ राजमार्ग पर हुआ। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि बस में उत्तर प्रदेश के हाथरस, अलीगढ़ के अलावा राजस्थान के करीब 90 लोग सवार थे। सभी हाथरस के बस (UP 86 EC 4078) से शिव खोड़ी जा रहे थे। पूरी खबर यहां पढ़ें…
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.
