न्यूज इन ब्रीफ@5 PM: मोदी कैबिनेट में राजस्थान से 4, एमपी से 5 मंत्री; शिवराज पहली बार केंद्रीय मंत्री बनें… – Dainik Bhaskar

Spread the love

नमस्कार, आइए जानते हैं आज शाम 5 बजे तक की देश-दुनिया की 10 बड़ी खबरें…
1. मोदी कैबिनेट में 63 मंत्री शपथ ले सकते हैं, एनसीपी अजित गुट नाराज हुआ
नरेंद्र मोदी आज तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। कार्यक्रम राष्ट्रपति भवन में शाम 7.15 बजे होगा। मोदी के साथ करीब 63 मंत्री शपथ ले सकते हैं। मोदी के घर पहुंचे नेताओं में शाह, राजनाथ, निर्मला और जयशंकर के साथ शिवराज सिंह चौहान, मनोहर लाल खट्टर और कुमारस्वामी भी पहुंचे। वहीं, नितिन गडकरी, पीयूष गोयल, ज्योतिरादित्य सिंधिया और अर्जुन राम मेघवाल भी नजर आए। उधर NCP को कैबिनेट मंत्री न मिलने से अजित पवार नाराज हो गए हैं।
पढ़ें पूरी खबर…
2. मोदी के शपथ ग्रहण में 7 देशों के लीडर्स, आडवाणी से मिलीं बांग्लादेश की PM हसीना
नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में भारत के 7 पड़ोसी देशों के लीडर्स को इनवाइट किया गया है। मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू पहली बार भारत पहुंचे। मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद जुगनॉथ भी दिल्ली आए। नेपाल के PM प्रचंड भी आ चुके हैं। दूसरी तरफ, बांग्लादेश की PM शेख हसीना एक दिन पहले इंडिया आ गई थीं। उन्होंने रविवार को लालकृष्ण आडवाणी से मुलाकात की।
पढ़ें पूरी खबर…
3. मोदी कैबिनेट में राजस्थान से 4 सांसद होंगे, भागीरथ चौधरी पहली बार मंत्री बनेंगे
पीएम नरेंद्र मोदी ने मंत्री बनने वालों को सुबह 11:30 बजे चाय पर बुलाया था। इस चाय पार्टी में बीकानेर सांसद अर्जुनराम मेघवाल, अजमेर से भागीरथ चौधरी, जोधपुर से गजेंद्र सिंह शेखावत और अलवर से भूपेंद्र यादव भी शामिल थे। इन चारों सांसदों का मंत्री बनना तय माना जा रहा है। मेघवाल, शेखावत और यादव को मोदी कैबिनेट में फिर से मौका मिलेगा। वहीं भागीरथ चौधरी पहली बार मंत्री बनेंगे। इन चार चेहरों के अलावा राजस्थान से पांचवा चेहरा अश्विनी वैष्णव का भी होगा। वैष्णव ओडिशा से राज्यसभा सांसद हैं। मूलरूप से जोधपुर के रहने वाले हैं।
पढ़ें पूरी खबर…
4. शिवराज केंद्र में पहली बार मंत्री बनेंगे, मध्य प्रदेश से मोदी मंत्रिमंडल में 5 चेहरे
मध्यप्रदेश से 5 चेहरे शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया, डॉ. वीरेन्द्र कुमार खटीक, सावित्री ठाकुर और दुर्गादास उईके मंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। ये सभी सांसद रविवार को नरेंद्र मोदी के आवास पर चाय पर बैठक में शामिल भी हुए हैं। विदिशा सीट से सांसद चुने गए शिवराज सिंह चौहान पहली बार केंद्रीय मंत्री बनेंगे। वहीं ज्योतिरादित्य सिंधिया और डॉ. वीरेंद्र कुमार खटीक मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में मंत्री थे।
पढ़ें पूरी खबर…
5. यूपी से मोदी मंत्रिमंडल में 8 नाम तय; योगी के मंत्री केंद्र में जाएंगे, 3 नए चेहरे
यूपी से मोदी 3.0 के संभावित मंत्रियों में 8 नाम लगभग तय हो गए हैं। इनमें लखनऊ से सांसद राजनाथ सिंह, अपना दल (एस) प्रमुख अनुप्रिया पटेल, रालोद प्रमुख जयंत चौधरी, पीलीभीत से सांसद जितिन प्रसाद, राज्यसभा सांसद बीएल वर्मा, महाराजगंज से सांसद पंकज चौधरी, आगरा से सांसद एसपी सिंह बघेल और बांसगांव से सांसद कमलेश पासवान हैं। जितिन के पास यूपी में पीडब्लूडी मंत्रालय है। अब उनका केंद्र में जाना तय है। मोदी 3.0 में 5 चेहरे वह हैं, जो पिछली सरकार में भी मंत्री रहे हैं।
पढ़ें पूरी खबर…
6. चीन में पाकिस्तानी PM का कश्मीर मुद्दा, जिनपिंग बोले- एकतरफा फैसले नहीं ले सकता भारत
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ चीन के 4 दिन के दौरे से वापस लौटे। बीजिंग में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ द्विपक्षीय बैठक के दौरान शहबाज ने एक बार फिर से कश्मीर का मुद्दा उठाया। बैठक के बाद जारी हुए जॉइंट स्टेटमेंट में चीन ने कहा कि वह जम्मू-कश्मीर में भारत की एकतरफा कार्रवाई का विरोध करता है। भारत और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से इस मुद्दे को लेकर विवाद रहा है। इस मसले को शांति के साथ UN के चार्टर और UNSC के प्रस्तावों के तहत हल किया जाना चाहिए।
पढ़ें पूरी खबर…
7. इंदौर में ट्रेन में मिले युवती के शव के टुकड़े: ट्रॉली बैग में धड़, दूसरे थैले में बाकी हिस्सा
इंदौर रेलवे स्टेशन के यार्ड में युवती का शव मिला है। शव तीन हिस्सों में है। कमर के नीचे का हिस्सा और हाथ धड़ से कटे मिले हैं। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। दरअसल सफाई के दौरान सफाईकर्मी की झाड़ू बर्थ के नीचे अटक गई। सफाईकर्मी को लगा कोई सामान भूल गया। झांककर देखा तो नीचे बैग और थैला था। ट्रॉली बैग में लॉक नहीं था, उसे खोला तो युवती का धड़ था। उसके हाथ और कमर के नीचे का हिस्सा दूसरे थैले में था।
पढ़ें पूरी खबर…
8. क्या भारत से हारने पर बाहर होगा पाकिस्तान, वर्ल्ड कप में 4 बड़ी टीमों का समीकरण बिगड़ा
टी-20 वर्ल्ड कप में उलटफेरों ने 4 बड़ी टीमों का समीकरण बिगाड़ दिया है। अमेरिका से हारकर 2009 की चैंपियन पाकिस्तान पहले ही मुश्किल में है। आज अगर भारत ने भी पाकिस्तान को हरा दिया तो उसके सुपर-8 में पहुंचने की उम्मीदें कम हो जाएंगी। अगले मैचों में भारत ने कनाडा और अमेरिका ने आयरलैंड को हरा दिया तो दोनों ही टीमों के 6-6 पॉइंट्स हो जाएंगे। ऐसे में ग्रुप-ए से भारत और अमेरिका की 2 टीमें क्वालिफाई हो जाएंगी। वहीं, 2022 की रनर-अप टीम पाकिस्तान का सफर ग्रुप स्टेज में ही खत्म हो जाएगा।
पढ़ें पूरी खबर…
9. मुंबई में एक ही रनवे पर दिखे दो हवाई जहाज, VIDEO: हादसा टला
मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार को एक बड़ा हादसा टल गया। दरअसल, रनवे पर एक साथ दो विमान आ गए। एक तरफ जहां इंडिगो का एयरक्राफ्ट लैंड कर रहा था, वहीं इसके ठीक आगे एअर इंडिया का विमान उड़ान भरने की तैयारी में था। हालांकि, दोनों एयरक्राफ्ट एक दूसरे से टक्कराने से बच गए। इस मामले में नागरिक उड्डयन निदेशालय (DGCA) ने रिस्पॉन्ड करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। एयर ट्रैफिक कंट्रोल के एक अधिकारी (ATCO) को निलंबित भी कर दिया गया है।
पढ़ें पूरी खबर…
10. यूपी में अवैध खनन रोकने पहुंचे सिपाही को ट्रैक्टर से कुचला, मौत; 3 साल पहले हुआ था भर्ती
यूपी के फर्रुखाबाद में खनन माफिया ने सिपाही की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी। सिपाही पुलिस टीम के साथ खनन माफिया को पकड़ने पहुंचा था। पुलिस को देखते ही खनन माफिया ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर भागने लगा। सिपाही जीप से उतर कर गया और खनन माफिया को रोकने लगा। उसने सिपाही पर ट्रैक्टर-ट्रॉली चढ़ा दी और फरार हो गया। अस्पताल में सिपाही की मौत हो गई। सिपाही की तीन साल पहले भर्ती हुई थी।
पढ़ें पूरी खबर…
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.

source

Previous post PM Narendra Modi Shapath Grahan Live: PM मोदी की तीसरी बार हुई ताजपोशी, राजनाथ और अमित शाह ने भी ली शपथ – मनी कंट्रोल
Next post Modi 3.0: शेख हसीना से लेकर मोहम्मद मुइज्जू तक, ये हस्तियां बनीं गवाह; तस्वीरों में देखें शपथ ग्रहण समारोह – अमर उजाला

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *