मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, गुजरात, बिहार में हीटवेव चल रही है। आज से बिहार के सरकारी स्कूल खुल गए हैं। गर्मी की वजह से फिर से स्कूलों में बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी। शेखपुरा में 6, छपरा में एक, पटना के बिहटा में एक और बक्सर में एक छात्रा की तबीयत खराब हो गई। बक्सर में स्कूली छात्रा को अस्पताल ले जाया गया। बिहटा में छात्रा की नाक से खून निकलने लगा। इन सभी जिलों में पारा 40 डिग्री के पार है।
9 जून को प्रयागराज 45.9° के साथ सबसे गर्म रहा। वहीं टीकमगढ़, गया और रोहतक में भी पारा 44° दर्ज किया गया। 13 जून तक जम्मू संभाग, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, पश्चिमी राजस्थान, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में लू चलने की संभावना है। साथ ही, 11 और 12 जून को ओडिशा में हीटवेव का असर रहेगा।
मानसून तय समय से 2 दिन पहले मुंबई पहुंच गया। इसके चलते रविवार को मुंबई में भारी बारिश हुई। IMD ने महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग में भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट, रत्नागिरी के लिए ऑरेंज अलर्ट और पालघर, ठाणे, मुंबई और रायगढ़ के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
छत्तीसगढ़ और ओडिशा में शनिवार 8 जून को मानसून की एंट्री हो चुकी है। अब 8 दिन बाद मानसून जबलपुर, बालाघाट के रास्ते मध्य प्रदेश में एंट्री ले सकता है। आमतौर पर मानसून मुंबई पहुंचने के बाद 5 दिन में एमपी पहुंचता है।
आगे क्या…
राज्यों के मौसम की खबरें सिलसिलेवार पढ़ें…
मध्यप्रदेश: एक हफ्ते प्री-मानसून की एक्टिविटी, निवाड़ी, दतिया-छतरपुर में गर्मी
मध्यप्रदेश में मानसून 17 से 18 जून तक एंटर होगा। इससे पहले, प्रदेश में प्री-मानसून की एक्टिविटी रहेगी। सोमवार को सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है। रविवार को धार, रतलाम, छिंदवाड़ा समेत कई शहरों में बारिश हुई तो निवाड़ी, दमोह और छतरपुर गर्म रहे। ऐसा ही मौसम अगले एक सप्ताह बना रहेगा। पढ़ें पूरी खबर
राजस्थान में आज आंधी-बारिश का अलर्ट
दिनभर गर्मी के बाद राजस्थान में रविवार देर शाम जैसलमेर, बीकानेर के बॉर्डर एरिया पर मौसम में बदलाव हुआ। यहां आंधी चलने के बाद बादल छाए और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश। जयपुर, कोटा, भरतपुर के आसपास के जिलों में रविवार को तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हुई। गर्मी तेज रही। सबसे गर्म दिन कल जालोर में रहा, जहां का अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जयपुर मौसम केन्द्र ने आज राज्य के 11 जिलों में दोपहर बाद आंधी चलने, बादल छाने के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। पूरी खबर पढ़ें
छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिन अंधड़-बारिश की चेतावनी
छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में मानसून की एंट्री के बाद लगातार आगे बढ़ रहा है। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग के जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 5 दिन तक प्रदेश में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने के साथ अंधड़ चल सकती है। रविवार को बारिश होने से कई जिलों में दिन का तापमान सामान्य से 2 डिग्री कम रिकॉर्ड किया गया। पूरी खबर पढ़ें
बिहार के 16 जिलों में लू का ऑरेंज अलर्ट
बिहार में अगले दो से तीन दिनों तक भीषण गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है। मौसम विभाग में आज भी प्रदेश के 16 जिलों में भीषण लू चलने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इसमें बांका, लखीसराय, बेगूसराय, शेखपुरा, नवादा, नालंदा, जहानाबाद, गया, पटना, अरवल, औरंगाबाद रोहतास, कैमूर, बक्सर, और भोजपुर शामिल है। इसके अलावा अन्य बचे सभी जिलों में लू चलने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक मॉनसून 9 दिनों से बंगाल के इस्लामपुर में अटका हुआ है। लिहाजा, बिहार में मानसून की एंट्री देर से हो सकती है। पूरी खबर पढ़े
हरियाणा में 4 दिन तक हीटवेव, सभी जिलों में अलर्ट
हरियाणा में एक बार फिर से भीषण गर्मी का दौर शुरू हो गया है। इस बार पश्चिमी रेगिस्तानी से आ रही गर्म हवाएं भीषण गर्मी का कारण बनने जा रही हैं। मौसम विभाग ने अगले 4 दिनों तक लू चलने की संभावना जताई है। इसके कारण 14 जून तक प्रदेश में हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलेंगी। पूरी खबर पढ़ें
झारखंड के दो जिलों में ऑरेंज तो 12 में यलो अलर्ट
झारखंड के कई जिले एक बार फिर भीषण गर्मी की चपेट में हैं। राज्य के कई हिस्सों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े को पार कर रहा है। प्रदेश के पलामू इलाके में सबसे भीषण गर्मी पड़ रही। मौसम विभाग ने आज से लेकर 15 जून तक लू का अलर्ट जारी किया है। राज्य के गढ़वा और पलामू जिले में हीट वेव को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पूरी खबर पढ़े
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.
