UP की बड़ी खबरें: बहराइच में सड़क हादसे में मां-बेटी और भतीजे की मौत, तीनों बाइक जा रहे थे; बस ने रौंद दिया – Dainik Bhaskar

Spread the love

गाजियाबाद में एक तीन मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो बच्चे शामिल हैं। घटना लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र के बेहटा हाजीपुर गांव में बुधवार देर रात हुई। आग तेजी से फैली जिससे लोगों को बचने का मौका नहीं मिला।
बताया जा रहा है कि मकान में फोम का काम हो रहा था, इस वजह से आग भड़क गई। फायर फाइटर्स ने मकान से पांच लाश बरामद की हैं, इसमें दो महिला, एक पुरुष और दो बच्चे हैं। देर रात आग पर काबू पा लिया गया है।
आगरा में बच्चों के झगड़े में मारपीट-फायरिंग; एक महिला को लगी गोली
आगरा में बुधवार की देर शाम बच्चों के विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग घर के बाहर निकल आए और लाठी-डंडे चलने लगे। मारपीट के बाद फायरिंग शुरू हो गई। जिसमें एक महिला को गोली लगी है।
महिला को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मारपीट में दोनों पक्षों से दो महिलाओं समेत पांच लोग घायल हुए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को मेडिकल के लिए भेजा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना थाना शमशाबाद गांव गढ़ की है। पढ़ें खबर
बहराइच में सड़क हादसे में मां-बेटी और भतीजे की मौत, तीनों बाइक जा रहे थे; बस ने रौंद दिया
बहराइच में बुधवार की शाम बाइक और बस में टक्कर हो गई। हादसे में बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि मां और बेटी घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल दोनों को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। जहां पर इलाज के दौरान मां-बेटी दोनों की मौत हो गई। घटना नानपारा मार्ग पर रीसिया मोड़ के पास की है।
रिसिया कस्बे के रहने वाला सुहेल बाइक से अपनी फूफी नसरू और उनकी बेटी नसीमुन को मटेरा के जोलाहन पुरवा छोड़ने जा रहा था। जब वो रिसिया मोड़ पर पेट्रोल पंप के पास बस ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में सुहेल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि नसरू जहां और उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। पढ़ें पूरी खबर..
ग्रेटर नोएडा में अतिक्रमण हटाने के दौरान बवाल; पत्थरबाजी में कई घायल, किसानों ने घेरा थाना
ग्रेटर नोएडा में अतिक्रमण हटाने के दौरान जमकर बवाल हुआ। अतिक्रमण हटाने के दौरान प्राधिकरण की टीम और ग्रामीणों के बीच में झड़प हो गई। इस दौरान जमकर पत्थरबाजी भी हुई। इसमें प्राधिकरण के कई सुरक्षाकर्मी और ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। किसानों ने बिसरख थाने का घेराव किया और ग्रामीणों को घायल करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। पढ़ें पूरी खबर
गाजियाबाद में प्रमोद कृष्णम बोले- प्रियंका को बनाएं कांग्रेस अध्यक्ष, पार्टी की बर्बादी के लिए राहुल जिम्मेदार
गाजियाबाद के साहिबाबाद के आवास पर बुधवार पूर्व कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा, राहुल गांधी को चाहिए कि वो प्रियंका गांधी को कांग्रेस की अध्यक्ष बनाएं। आगे उन्होंने कहा- मुझे कांग्रेस की दुर्दशा का हाल देखकर दया आती है। अफसोस होता है कि इतनी पुरानी पार्टी की हालत इतनी बुरी हो गई है। इस बरबादी के लिए अगर कोई एक व्यक्ति जिम्मेदार है तो वो राहुल गांधी और उनकी टीम। पढ़ें पूरी खबर
3 IAS अफसरों का ट्रांसफर, 7 साल से नियुक्ति विभाग में जमे विशेष सचिव को हटाया
लोकसभा चुनाव के बाद तीन IAS अफसरों का बुधवार को ट्रांसफर किया गया। इसमें IAS धनंजय शुक्ला, IAS विजय कुमार और डॉक्टर आदर्श सिंह शामिल हैं। माना जा रहा है कि विभागों में लंबे समय से जमे अन्य अफसरों के तबादले भी किए जाएंगे।
IAS धनंजय शुक्ला को अपर आयुक्त राज्यकर के पद पर तैनाती दी गई है। IAS धनंजय सात साल से विशेष सचिव नियुक्ति के पद पर कार्यरत थे। 2018 बैच के आईएएस विजय कुमार से विशेष सचिव खनन का चार्ज वापस ले लिया गया है। उन्हें नियुक्ति विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। वह मथुरा जिले में दो प्रमुख पद पर तैनात रह चुके हैं। वहीं, डॉक्टर आदर्श सिंह को GST कमिश्नर के पद पर तैनाती दी गई है। पढ़ें पूरी खबर
अयोध्या NSG का हब बनेगा, राम मंदिर की सुरक्षा को लेकर सरकार का फैसला
अयोध्या में UPSTF और एटीएस की यूनिट के बाद अब नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (NSG) का हब भी बनेगा। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और उनकी सुरक्षा को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। राम मंदिर में भी आतंकी हमले को लेकर धमकियां मिलती रही हैं। ऐसे में इसकी सुरक्षा के लिए तमाम तरह की व्यवस्थाएं सरकार कर रही है। गृह मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, जल्द ही इस पर काम शुरू होगा। पढ़ें पूरी खबर…
अलीगढ़ में प्रधान के पति की गोली मारकर हत्या
अलीगढ़ में प्रधानपति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। चुनावी रंजिश में मंगलवार देर रात हमलावर पहले से ही गांव के बाहर घात लगाकर बैठे हुए थे। वीरेंद्र कुमार (40) अपने भाई और साले के साथ घर की ओर जा रहे थे, तभी आरोपियों ने उन्हें रोक लिया। पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। फिर वीरेंद्र के ऊपर 8-10 राउंड फायरिंग कर दी। वीरेंद्र को 5-6 गोली लगी है। पढ़ें पूरी खबर…
नोएडा में पेट्रोल पंप से सटी दुकान में लगी आग, फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियों ने पाया काबू
नोएडा में मंगलवार देर रात पेट्रोल पंप से सटी दुकान में भयंकर आग लग गई। घटना सेक्टर 37 पुलिस चौकी के पास की है। पेट्रोल पंप पर लगातार पानी का छिड़काव किया जाने लगा। आसपास के घरों को भी रात में खाली करा लिया गया। CFO प्रदीप कुमार चौबे ने कहा- 10 बजे के आसपास आग लगने की सूचना मिली थी। 10 फायर टेंडर ने डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया। आग काफी बड़ी हो गई थी। किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के कारण की जांच की जा रही है। पढ़ें पूरी खबर…
गोरखपुर में घर में 2 बच्चियां जिंदा जलीं, शॉर्ट सर्किट से लगी आग, 6 झुलसे
गोरखपुर में मंगलवार रात एक मकान में भीषण आग लग गई। हादसे में 2 बच्चियों की जिंदा जलने से मौत हो गई। परिवार के 6 लोग झुलस गए। चीखने की आवाज सुनकर आस-पास के लोग पहुंचे। किसी तरह घर के अंदर फंसे 8 लोगों को बाहर निकाला। फायर बिग्रेड और पुलिस को सूचना दी। पुलिस सभी को अस्पताल ले गई। वहां डॉक्टरों ने 2 बच्चियों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, शॉर्ट सर्किट की वजह से आग बिजली के मीटर में लगी। पढ़ें पूरी खबर…
​​​​हरदोई में ट्रक झोपड़ी पर पलटा, परिवार के 8 लोगों की मौत, सिर्फ एक बच्ची बची
हरदोई में बालू से भरा ट्रक झोपड़ी पर पलट गया। घर के बाहर सो रहे एक ही परिवार के 8 लोगों की मौके पर मौत हो गई। अब परिवार में सिर्फ एक बच्ची बची है। मरने वालों में पति-पत्नी, 4 बच्चे, दामाद और नातिन शामिल हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। ट्रक चालक और हेल्पर को हिरासत में ले लिया है। हादसा मल्लावां में चुंगी नंबर दो पर बुधवार रात 1:30 बजे हुआ। मरने वालों की पहचान अवधेश (45), उनकी पत्नी सुधा (42), 3 बच्चे- सुनैना (11), लल्ला (5), बुद्ध (4), और दामाद करन (25), उनकी पत्नी हीरो (22) और बेटी कोमल (5) के रूप में हुई। पढ़ें पूरी खबर…
गाजियाबाद से BJP विधायक नंदकिशोर गुर्जर बोले- पुलिस कमिश्नर मेरी हत्या कराने पर तुले
BJP विधायक नंदकिशोर गुर्जर गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर अजय कुमार मिश्र पर लगातार आक्रामक होते जा रहे हैं। विधायक ने तीसरा लेटर अपर मुख्य सचिव (गृह) को 11 जून की शाम को भेजा है। इसमें उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि गाजियाबाद में भाजपा नेता सुरक्षित नहीं तो आम जनता की स्थिति क्या होगी? पुलिस की कार्यशैली से प्रतीत होता है पुलिस कमिश्नर भाजपा नेताओं की हत्या कराने पर तुले हुए हैं।
पढ़ें पूरी खबर…
वाराणसी पहुंचे अभिनेता राजकुमार, पत्नी पत्रलेखा संग बाबा विश्वनाथ का किया दर्शन
वाराणसी में अपनी फिल्म के शूटिंग के लिए पहुंचे अभिनेता राजकुमार राव ने पत्नी अभिनेत्री पत्रलेखा के साथ बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन किया। मंदिर की भव्यता को देखकर दोनों मंत्रमुग्ध हो गए। उन्होंने विश्वनाथ मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन किया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने राजकुमार के साथ सेल्फी भी ली। राजकुमार और पत्रलेखा ने भी लोगों के साथ हर-हर महादेव का जयघोष लगाया। पढ़ें पूरी खबर…
गोरखपुर में आज से RSS चीफ मोहन भागवत का 4 दिवसीय कार्यक्रम
RSS चीफ मोहन भागवत आज 4 दिनों के दौरे पर गोरखपुर आएंगे। वे यहां संघ के कार्यकर्ता विकास वर्ग के कार्यक्रम में शामिल होंगे। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की ओर से यहां सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल में दो कार्यकर्ता विकास वर्ग चल रहा है। 3 जून से शुरू पहला शिविर जहां 18 जून को खत्म होगा तो दूसरे शिविर का समापन 21 जून को होगा। RSS चीफ मोहन भागवत यहां 4 दिनों तक प्रशिक्षार्थियों से मिलेंगे। जिज्ञासा समाधान सत्र में प्रशिक्षणार्थी स्वयंसेवकों के सवालों और जिज्ञासाओं पर जवाब भी देंगे। पढ़ें पूरी खबर…
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.

source

Previous post Kuwait Fire News Today कुवैत के मृतकों में तीन यूपी निवासी – प्रभात खबर – Prabhat Khabar
Next post NSA Ajit Doval: जानिए खुफिया रास्तों के राही NSA अजित डोभाल के बारे में 10 बातें जो उन्हें – ABP न्यूज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *