नमस्कार, आइए जानते हैं आज शाम 5 बजे तक की देश-दुनिया की 10 बड़ी खबरें…
1. NEET पेपर लीक- सुप्रीम कोर्ट का NTA को नोटिस; 8 जुलाई को अगली सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को NEET UG पेपर लीक और इसकी CBI जांच की मांग वाली याचिका पर सुनवाई की। कोर्ट ने कहा कि NTA 2 हफ्तों के अंदर इस पर अपना पक्ष रखे। इस मामले पर 8 जुलाई को अगली सुनवाई होगी। पिटीशनर हितेश सिंह कश्यप ने आरोप लगाया कि गुजरात के गोधरा में जय जल राम परीक्षा सेंटर को चुनने के लिए कर्नाटक, ओडिशा, झारखंड के राज्यों में 26 छात्रों ने 10-10 लाख रुपए घूस दी थी। इस सेंटर पर ड्यूटी दे रहे टीचर सहित 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
पढ़ें पूरी खबर…
2. G7 समिट में जेलेंस्की से मिले PM मोदी, गले लगाया: सुनक-मैक्रों से द्विपक्षीय बैठक की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार देर रात G7 समिट के लिए इटली पहुंचे। यहां प्रधानमंत्री ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और ब्रिटेन के PM ऋषि सुनक से मुलाकात की। उन्होंने दोनों नेताओं को गले से लगाया और द्विपक्षीय बैठक की। इसके बाद PM इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की समेत कई वर्ल्ड लीडर्स से मुलाकात करेंगे। तीसरी बार भारत का प्रधानमंत्री बनने के बाद ये नरेंद्र मोदी का पहला विदेश दौरा है।
पढ़ें पूरी खबर…
3. केजरीवाल पत्नी के सामने मेडिकल कराना चाहते हैं, राउज एवेन्यू कोर्ट में कल सुनवाई
शराब नीति केस में तिहाड़ जेल में बंद अरविंद केजरीवाल ने मेडिकल टेस्ट को लेकर दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में याचिका लगाई है। दिल्ली CM की मांग है कि मेडिकल टेस्ट के दौरान पत्नी सुनीता वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए जुड़ी रहें। इस पर कल सुनवाई होगी। 5 जून को राउज एवेन्यू कोर्ट ने जेल अधिकारियों को निर्देश दिया था कि केजरीवाल के जरूरी मेडिकल टेस्ट कराए जाएं। केजरीवाल 19 जून तक ज्यूडिशियल कस्टडी में हैं।
पढ़ें पूरी खबर…
4. भारतीय सेना को मिला पहला आत्मघाती ड्रोन, 30 KM रेंज: 2 किलो वार हेड कैपेसिटी
इंडियन आर्मी को भारत में बने आत्मघाती ड्रोन नागस्त्र-1 की पहली खेप मिल गई है। इन ड्रोन्स को नागपुर की कंपनी सोलर इंडस्ट्रीज की इकोनॉमिक्स एक्सप्लोसिव लिमिटेड यूनिट ने बनाया है। सेना ने 480 लॉइटरिंग म्यूनिशन (आत्मघाती ड्रोन) का ऑर्डर दिया था। इनमें से 120 की डिलीवरी कर दी गई है। ड्रोन को नागस्त्र-1 नाम दिया गया है, जिसकी रेंज 30 किमी तक है। इसका एडवांस वर्जन दो किलो से ज्यादा गोला-बारूद ले जाने में सक्षम है।
पढ़ें पूरी खबर…
5. थोक महंगाई 15 महीनों के ऊपरी स्तर पर: मई में 2.61% पर पहुंची; खाने-पीने की चीजें महंगी
मई में थोक महंगाई बढ़कर 2.61% पर पहुंच गई है। यह 15 महीनों के ऊपरी स्तर पर है। फरवरी 2023 में यह दर 3.85% पर थी। वहीं अप्रैल 2024 में महंगाई 1.26% रही थी, जो 13 महीने का उच्चतम स्तर था। इससे एक महीने पहले मार्च 2024 में ये 0.53% रही थी। फरवरी में थोक महंगाई 0.20% रही थी। उधर, बुधवार को रिटेल महंगाई में गिरावट देखने को मिली थी। खाद्य महंगाई दर अप्रैल के मुकाबले 5.52% से बढ़कर 7.40% हो गई।
पढ़ें पूरी खबर…
6. वडोदरा में मुस्लिम महिला को फ्लैट दिए जाने का विरोध, लोग बोले- यहां हिन्दू परिवार रहते हैं
गुजरात के वडोदरा शहर स्थित हरणी के एक रेसिडेंशियल कॉम्प्लेक्स में लोगों ने मुस्लिम महिला को फ्लैट देने का विरोध किया है। मामला मोटनाथ रेजीडेंसी कोऑपरेटिव हाउसिंग सर्विसेज सोसाइटी लिमिटेड का है। यहां रहने वाले 33 लोगों ने कलेक्टर को आवेदन देकर महिला का अलॉटमेंट कैंसल करने की मांग की है। 2017 में यहां 462 फ्लैट्स बनाए थे। इनमें 461 फ्लैट में हिन्दू परिवार रहते हैं। 44 साल की मुस्लिम महिला कौशल विकास विभाग में काम करती है। वह अकेली मुस्लिम है, जिसे सोसायटी में फ्लैट मिला है।
पढ़ें पूरी खबर…
7. बिभव की जमानत याचिका पर दिल्ली पुलिस को नोटिस, हाईकोर्ट ने जांच की स्टेटस रिपोर्ट मांगी
दिल्ली हाईकोर्ट ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के PA बिभव कुमार की जमानत याचिका पर शुक्रवार (14 जून) को दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया। जस्टिस अमित शर्मा की वेकेशन बेंच ने पुलिस से मामले में अब तक हुई जांच की स्टेटस रिपोर्ट मांगी है। बिभव पर AAP की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल से 13 मई को सीएम आवास पर मारपीट का आरोप है। उन्हें 18 मई को गिरफ्तार किया गया था। कोर्ट ने बिभव को 14 जून तक ज्यूडिशियल कस्टडी में भेजा है।
पढ़ें पूरी खबर…
8. MP के रतलाम में मंदिर में गोवंश का सिर मिला, फेंकने वालों के घर ढहाए गए
मध्य प्रदेश के रतलाम में जावरा के जागनाथ मंदिर परिसर में गोवंश का कटा सिर मिला है। पुजारी मंदिर पहुंचे तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इस घटना से नाराज हिंदू संगठनों ने फोरलेन पर चक्काजाम कर दिया। शहर में भारी पुलिस बल तैनात है। पुलिस ने दो संदिग्ध जाकिर और शाकिर को गिरफ्तार किया है। उनसे पूछताछ के बाद उनके घर ढहा दिए गए। इस दौरान हंगामा हुआ। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। लाठीचार्ज भी करना पड़ा।
पढ़ें पूरी खबर…
9. CJI बोले- SC के जजों के पास सातों दिन काम: 5 दिन सुनवाई, शनिवार को फैसला लिखवाते
चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) डीवाई चंद्रचूड़ ने जजों की छुट्टी और पेंडिंग केस की गति को लेकर कहा- सुप्रीम कोर्ट के जज सातों दिन काम करते हैं। सोमवार से शुक्रवार तक 40-50 मामले निपटाते हैं, शनिवार को छोटे केसेस पर सुनवाई होती है। इसी दिन सुरक्षित रखे गए फैसलों को लिखवाया जाता है। रविवार को सोमवार के केस पढ़े जाते हैं।
पढ़ें पूरी खबर…
10.. सिक्किम में लैंडस्लाइड से 6 की मौत, कई लापता; पर्यटन स्थलों पर 2 हजार लोग फंसे
पिछले तीन दिन से जारी बारिश के चलते उत्तरी सिक्किम के कई इलाके तबाह हो गए हैं। भूस्खलन और बाढ़ में सैकड़ों घर और सड़कें बह गई हैं। अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है। मंगन जिले में एक दिन में 220 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश हुई। जिसके चलते संगकालांग पुल ढह गया। इससे दजोंगू, चुंगथांग, लाचेन और लाचुंग से संपर्क टूट गया है। इन इलाकों में अब न फोन कनेक्टिविटी है और न ही रोड। बिजली पोल भी बह गए हैं। आसपास के पर्यटन स्थल पर दो हजार से ज्यादा लोग फंसे हुए हैं।
पढ़ें पूरी खबर…
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.
