उत्तर प्रदेश के 13 नवनिर्वाचित MLC ने शुक्रवार को शाम 4 बजे पद और गोपनीयता की शपथ ली। सचिवालय के मुख्य भवन स्थित तिलक हॉल में शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हुआ। सभी 13 नवनिर्वाचित MLC को विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र प्रताप सिंह ने शपथ दिलाई।
21 मार्च को 13 सीटों पर हुआ था मतदान
विधान परिषद की 13 सीटें मई में खाली हुई थीं। इन सीटों पर NDA के 10 प्रत्याशियों ने नामांकन पर्चा भरा था, जिसमें 7 प्रत्याशी बीजेपी के थे। वहीं, सपा ने 3 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे। मतदान 21 मार्च को हुआ और सभी उम्मीदवार निर्विरोध जीते। विधान परिषद चुनाव में निर्विरोध घोषित हुए प्रत्याशियों में सबसे अधिक बीजेपी से हैं। इसके बाद सपा, आरएलडी, सुभासपा और अपना दल (एस) के प्रत्याशी हैं।
NDA के 10 प्रत्याशी चुने गए MLC
भाजपा प्रत्याशी डॉ. महेंद्र सिंह, विजय बहादुर पाठक, अशोक कटारिया, संतोष सिंह, मोहित बेनीवाल, रामतीरथ सिंघल और धर्मेंद्र सिंह, सुभासपा के प्रत्याशी विच्छेलाल रामजी, रालोद प्रत्याशी योगेश चौधरी और अपना दल (एस) के कार्यकारी अध्यक्ष एवं प्रत्याशी आशीष पटेल को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया था।
सपा के 3 प्रत्याशी निर्विरोध बने MLC
विधान परिषद चुनाव में सपा के प्रत्याशियों में बलराम यादव, शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली व किरणपाल कश्यप शामिल हैं। विधानसभा के विशेष सचिव और रिटर्निंग ऑफिसर बृज भूषण दुबे के अनुसार, किसी भी प्रत्याशी ने नाम वापस नहीं लिया, इसलिए सभी को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया था। इन सभी का कार्यकाल पांच मई 2030 तक रहेगा।
ऐसे चुने जाते हैं विधान परिषद के सदस्य
विधान परिषद के सदस्य का कार्यकाल छह साल के लिए होता है। चुनाव लड़ने के लिए न्यूनतम 30 साल उम्र होनी चाहिए। एक तिहाई सदस्यों को विधायक चुनते हैं। इसके अलावा एक तिहाई सदस्यों को नगर निगम, नगरपालिका, जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत के सदस्य चुनते हैं।
वहीं, 1/12 सदस्यों को शिक्षक और 1/12 सदस्यों को रजिस्टर्ड ग्रेजुएट चुनते हैं। यूपी में विधान परिषद के 100 में से 38 सदस्यों को विधायक चुनते हैं। वहीं 36 सदस्यों को स्थानीय निकाय निर्वाचन क्षेत्र के तहत जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य (BDC) और नगर निगम या नगरपालिका के निर्वाचित प्रतिनिधि चुनते हैं। 10 मनोनीत सदस्यों को राज्यपाल नॉमिनेट करते हैं। इसके अलावा 8-8 सीटें शिक्षक निर्वाचन और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के तहत आती हैं।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.
