बालाघाट, नईदुनिया प्रतिनिधि। पत्नी और कांग्रेस विधायक अनुभा मुंजारे से बीते एक सप्ताह से चल रहे मतभेद के बाद आखिरकार पूर्व सांसद कंकर मुंजारे ने अपना सर्किट हाउस रोड स्थित घर छोड़ दिया है। शुक्रवार रात वह गद्दे, चादर, तकिया सहित रोजमर्रा का सामान निजी वाहन में रखकर रवाना हो गए।
मुंजारे अब 19 अप्रैल तक गांगुलपारा के पास बनी झोपड़ी में रहेंगे और यहीं से लोकसभा चुनाव में अपना प्रचार-प्रसार करेंगे। इस लोकसभा में वह बसपा प्रत्याशी हैं, जिन्होंने 30 मार्च को अपने बयान में पत्नी अनुभा मुंजारे को चुनाव तक घर छोड़ने की नसीहत दी थी, लेकिन अनुभा ने राजनीति मतभेद के कारण घर न छोड़ने की बात कहते हुए कंकर की नसीहत को ठुकरा दिया था।

बता दें कि कंकर मुंजारे ने हाल ही में कहा था कि अनुभा एक ही घर में रहते हुए कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार करे, इसे मैं स्वीकार नहीं कर सकता। वह चुनाव तक मेरी राजनीतिक दुश्मन है। इसलिए वह चुनाव तक वह घर छोड़ दे वरना मैं छोड़ दूंगा। कंकर का कहना अनुभा कांग्रेस और कांग्रेस प्रत्याशी के लिए प्रचार-प्रसार करें।
इसमें मुझे कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन मेरे साथ एक छत के नीचे रहते हुए विरोधी पार्टी के लिए प्रचार करें, यह मैं नहीं चाहता। बता दें कि कंकर के अनुभा को घर छोड़ने की नसीहत पर अनुभा ने कहा था कि वह एक जनप्रतिनिधि के साथ एक पत्नी भी है। वह एक दिन के लिए भी घर नहीं छोड़ सकती।
