NCP शरद गुट के नेता एकनाथ खडसे भाजपा में शामिल होने वाले हैं। उन्होंने कहा कि मेरी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की और पार्टी में शामिल होने की इच्छा जताई। मेरी कोशिश होगी कि 15 दिन के अंदर भाजपा जॉइन कर लूं।
खडसे ने ये भी कहा कि मैं चंद्रपुर सभा के दौरान भाजपा में प्रवेश नहीं करूंगा। मैं दिल्ली में पार्टी में शामिल होऊंगा। किस दिन भाजपा में शामिल होंगे, इस सवाल पर खड़से ने कहा कि जिस दिन पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व से तारीख मिलेगी, उस दिन शामिल हो जाऊंगा।
खडसे के मुताबिक, पार्टी में कई वरिष्ठ नेताओं से चर्चा के दौरान यह बात सामने आई कि मुझे बीजेपी में रहना चाहिए।
इससे पहले कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल में तीन उम्मीदवारों का ऐलान किया। यहां बनगांव से प्रदीप बिस्वास, उलूबेरिया से अजहर मोलिक और घाटल से डॉ. पापिया चक्रवर्ती को उतारा है। कांग्रेस की ये 13वीं लिस्ट है। कांग्रेस अब तक 240 उम्मीदवारों का ऐलान कर चुकी है।
देशभर में लोकसभा चुनाव से जुड़े अपडेट्स यहां पढ़ें…
महाराष्ट्र के मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने कहा- ‘कल (8 अप्रैल) को पीएम नरेंद्र मोदी चंद्रपुर और गढ़चिरौली के लोगों को संबोधित करने आ रहे हैं। यहां चार कांग्रेस ने कोई विकास नहीं किया। यहां माफिया राज बनाम विकास की लड़ाई है।’ मुनगंटीवार को भाजपा ने चंद्रपुर से टिकट दिया है।
ओडिशा में भाजपा की पूर्व उपाध्यक्ष लेखाश्री सामंतसिघार बीजू जनता दल (BJD) में शामिल हो गईं। इस दौरान BJD के राज्यसभा मेंबर सस्मित पात्रा और मानस मंगराज मौजूद थे।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने तमिलनाडु में रोड शो किया।
कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल और कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने एर्नाकुलम में रोड शो किया।
वेणुगोपाल ने कहा कि डीके शिवकुमार कांग्रेस के स्टार प्रचारक हैं। वे केरल में मेरा इलेक्शन कैंपेन लॉन्च करने आए हैं।
एक्टर और मक्कल नीधि मैयम पार्टी प्रमुख कमल हासन ने श्रीपेरंबुदूर में DMK कैंडिडेट टीआर बालू के लिए रोड शो किया। कमल हासन ने कहा- मेट्रो रेल प्रोजेक्ट फेज-2 के लिए 68 हजार करोड़ की जरूरत है। केंद्र सरकार ने कहा कि वे हमें देंगे, लेकिन तमिलनाडु को अभी तक पैसा नहीं मिला। वे द्रविडियन मॉडल का मजाक उड़ाते हैं, लेकिन देश को द्रविड़ियन मॉडल की जरूरत है।
पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने अनंतनाग-राजौरी, श्रीनगर और बारामूला लोकसभा सीट से पार्टी प्रत्याशियों का ऐलान किया। अनंतनाग से खुद महबूबा मुफ्ती चुनाव लडे़ंगी।
PDP ने बारामूला से पूर्व राज्यसभा सदस्य मीर फयाज और श्रीनगर से वहीद पारा को मैदान में उतारा। PDP के संसदीय बोर्ड के प्रमुख सरताज मदनी ने कहा कि पार्टी जम्मू क्षेत्र की दोनों सीटों उधमपुर और जम्मू पर कांग्रेस को समर्थन देगी।
हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से कांग्रेस विक्रमादित्य सिंह को उतार सकती है। विक्रमादित्य राज्य के दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बेटे और राज्य सरकार में मंत्री हैं। उनकी मां प्रतिभा सिंह मंडी की मौजूदा सांसद हैं। वे पहले ही चुनाव लड़ने से मना कर चुकी हैं। हालांकि, अंतिम फैसला उन्होंने पार्टी हाईकमान पर छोड़ रखा है। प्रतिभा सिंह हिमाचल कांग्रेस की अध्यक्ष भी हैं।
भाजपा ने मंडी से एक्ट्रेस कंगना रनोट को टिकट दिया है।
TMC महासचिव अभिषेक बनर्जी ने मिदनापुर वेस्ट में पार्टी उम्मीदवार दीपक अधिकारी के लिए रोड शो किया।
हैदराबाद से भाजपा सांसद माधवी लता ने कहा- मुझे Y+ सिक्योरिटी एक इंसान से सच्चाई को लड़ाई को बचाने के लिए दी गई है। वो इंसान जिनका नाम असद जी (असदुद्दीन ओवैसी) है, जो एक पहलवान के बेटे को जेल में डाल सकते हैं। वे असद जी, जिनकी दोस्ती किंग्स ग्रुप से हो सकती है। वे असद जी, जो वक्फ बोर्ड के लैंड कब्जे पर चुप रहते हैं। वे असद जी, जो श्मशान तोड़ने पर चुप रहते हैं। वे असद जी, जो SC/ST की महिलाओं पर जुल्म होने पर चुप रहते हैं।…तो हमें सोचना पड़ेगा कि वे किस-किस को पालकर बड़ा कर रहे हैं।
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने तमिलनाडु के अरियालुर में कहा- INDI गठबंधन के नेता या तो जेल में हैं या तो बेल पर हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास में लंबी छलांग लगाई है। 2019 में भारत दुनिया की 11वीं आर्थिक शक्ति था।
कोविड महामारी और यूक्रेन युद्ध के बावजूद भारत ने 200 वर्षों तक हम पर शासन करने वाले ग्रेट ब्रिटेन को हराया और दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना। 2024 में प्रधानमंत्री तीसरी बार पीएम बनेंगे। भारत जल्द ही दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा। भाजपा अध्यक्ष को तिरुचिरापल्ली में रोड शो की परमिशन नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि इस मामले में पुलिस कमिश्नर से बात करेंगे।
लोकसभा चुनाव 2024 के लिए मणिपुर में दो फेज 19 और 26 अप्रैल को वोटिंग होगी। राज्य में लोकसभा की केवल दो सीट इनर मणिपुर और आउटर मणिपुर हैं। आउटर मणिपुर सीट पर 19 और 26 अप्रैल (दो चरणों में) मतदान होगा। इस बार 24 हजार से ज्यादा मतदाता ऐसे भी हैं, जो राहत शिविरों से ही वोट डालेंगे। ये वे लोग हैं, जो मणिपुर हिंसा के कारण अपने घरों से विस्थापित हो गए और शिविरों में रह रहे हैं।
चुनाव के मुताबिक, राज्य में 2955 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। इसमें से 50 फीसदी संवेदनशील और संवेदनशील हैं। 94 स्पेशल पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। जो विस्थापित लोगों के लिए हैं। घाटी वाले 5 जिलों और 3 पहाड़ी जिलों में मौजूद रिलीफ सेंटर्स में 50 हजार से ज्यादा लोग रह रहे हैं।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा- महायुति (भाजपा, शिवसेना और NCP) को विदर्भ में अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। जो माहौल है, उसके अनुसार महायुति विदर्भ की सभी सीटें जीतेगी। 2-3 दिन में महायुति बाकी की सीटों पर भी फैसला कर लेगा। महा विकास अघाड़ी (कांग्रेस, NCP-SCP और शिवसेना उद्धव गुट) तीन तिगाड़ा काम बिगाड़ा जैसे हैं। उनके पास कोई एजेंडा नहीं है।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने चूरू में कहा- हमारे यहां व्यक्ति नहीं, पार्टी होती है। पीएम मोदी ने देवेंद्र झांझरिया की मां से मुलाकात की थी। तब उन्होंने कहा था कि देवेंद्र ने केवल चूरू नहीं, बल्कि देश का नाम रोशन किया है। पीएम मोदी ने उनके नाम का जिक्र मन की बात में भी किया था।
भाजपा ने चूरू से इस बार पैरालिंपियन देवेंद्र झांझरिया को टिकट दिया है।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा असम के गोलाघाट में एक चुनावी रैली को संबोधित करने रविवार को पहुंचे। यहां अपने भाषण से पहले उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ पीएम मोदी के समर्थन में नारे लगाए।
तमिलनाडु के करूर में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा- मोदी के लिए तमिलनाडु बेहद खास है। वे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर तमिलनाडु की संस्कृति और भाषा के बारे में बात कर चुके हैं। उन्होंने तमिलनाडु के संतों की कविताओं का पाठ किया है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बीकानेर में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा- एक राष्ट्र एक चुनाव जरूर होना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के नेतृत्व में एक समिति बनाई थी।
समिति ने अपनी रिपोर्ट सौंप दी है। मुझे विश्वास है कि देश के लोग हमारा समर्थन करेंगे। हालांकि, कांग्रेस पार्टी केवल इसका विरोध ही करेगी। उनकी आदत है विरोध करना। एक देश एक चुनाव में आपका समय और संसाधन बचाएगा।
राजस्थान के भरतपुर में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा- अब भारत में कोई भी आतंकवादियों और नक्सलियों को पनाह नहीं दे सकेगा। एक तरफ ये द गार्जियन की रिपोर्ट है, जो कह रही है कि पाकिस्तान में आतंकी मारे जा रहे हैं और दुनिया आतंकवाद को बोझ मान रही है।
वहीं, दूसरी दूसरी तरफ ये कांग्रेस पार्टी है जो सत्ता में रहते हुए आतंकियों को बिरयानी खिलाती थी। कांग्रेस ने गरीबों को भूखा रखा और आतंकवादियों को बिरयानी खिलाई। पीएम मोदी पिछले 4 साल से 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दे रहे हैं और आने वाले 5 साल तक देते रहेंगे।
योगी ने आगे कहा- यह नया भारत है, जो अपने लोगों और अंतरराष्ट्रीय सीमाओं की रक्षा करना जानता है। 1952 में कांग्रेस ने कश्मीर में धारा 370 लागू करके भारत को एक घाव दिया। PM मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने धारा 370 को हटाकर आतंकवाद को हमेशा के लिए खत्म कर दिया।
भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस पर इजराइल-हमास युद्ध में हमास का समर्थन करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा- इजराइल-हमास युद्ध के मुद्दे पर भारत सरकार द्वारा अपना रुख स्पष्ट कर चुकी है।
इसके बावजूद कांग्रेस ने हमास के पक्ष में एक प्रस्ताव पारित किया। इस पर प्रियंका गांधी ट्वीट करती हैं, सोनिया गांधी लेख लिखती हैं। हमास के पक्ष में केरल में रैलियां निकाली जाती हैं। इनकी रणनीति बहुत स्पष्ट है, भारत को क्षेत्र, भाषा, जाति और राज्य के आधार पर विभाजित करना और हमास तक संपर्क स्थापित करना।
#WATCH | BJP leader Gouarab Vallabh, says “…I told all the senior leaders of Congress that we need to stop criticising the wealth creators of the country…Adani and Ambani have been criticised day and night by Congress. I did a press conference against Adani but when SEBI gave… pic.twitter.com/NwBH5pdvmt
कांग्रेस छोड़कर 4 अप्रैल को भाजपा में आए नेता गौरव वल्लभ ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सनातन धर्म और राम मंदिर की आलोचना करती है। कांग्रेस देश के वेल्थ क्रिएटर्स अडानी और अंबानी की भी आलोचना करती है। मैंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को कहा था कि हमें ऐसा करने से बचना चाहिए, लेकिन मेरी बात नहीं मानी गई।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने रंगारेड्डी में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस एक परिवार है। मैं राहुल गांधी को बताना चाहता हूं कि आने वाला चुनाव सिर्फ एक चुनाव नहीं, बल्कि दो परिवारों के बीच का युद्ध है। एक तरफ गांधी परिवार है और दूसरी तरफ पीएम मोदी का परिवार है। पीएम मोदी के परिवार में ये EVM, ED, CBI और इनकम टैक्स हैं।
वहीं, हमारे गांधी परिवार में शहीद इंदिरा गांधी, शहीद राजीव गांधी, पीएम की कुर्सी कुर्बान करने वाली सोनिया गांधी हैं। लाखों कांग्रेस कार्यकर्ता भी हमारे परिवार में हैं। अब हम देखेंगे कि ये चुनाव पीएम मोदी का परिवार जीतता है या हमारा परिवार। हम पीएम मोदी के परिवार के खिलाफ लड़ेंगे। हम EVM, ED, CBI के खिलाफ लड़ेंगे। जरूरत पड़ने पर हम इस लड़ाई में खुद को भी कुर्बान कर देंगे।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री स्टालिन रविवार सुबह लोकसभा चुनाव के प्रचार के लिए पुडुचेरी पहुंचे। उन्होंने कहा- पुडुचेरी के लोगों से मेरा विशेष स्नेह है। DMK और कांग्रेस पुडुचेरी के लोगों की भलाई के लिए काम कर रही है। भाजपा पुडुचेरी में हो रहे विकास कार्यों को रोकने की कोशिश कर रही है। वैथिलिंगम से कांग्रेस उम्मीदवार को किसी परिचय की आवश्यकता नहीं है, उन्हें पिछले चुनाव से भी बड़े अंतर से जीतना चाहिए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में चुनावी रैली को संबोधित करने वाले है। इससे पहले उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा- पश्चिम बंगाल के लोग तृणमूल कांग्रेस के भ्रष्टाचार और खराब प्रशासन से थक चुकी है। सिर्फ भाजपा ही जनता के सपनों को पूरा कर सकती है।
भाजपा उम्मीदवार हेमा मालिनी ने कहा कि मेरा सपना था कि भगवान कृष्ण की नगरी को स्वच्छ और सुंदर बनाना है। मैंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में यह काम किया है।
तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने 10 मार्च को पश्चिम बंगाल की 42 लोकसभा सीटों पर अपने कैंडिडेट्स की घोषणा कर दी। पार्टी ने बहरामपुर सीट से कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी के खिलाफ क्रिकेटर यूसुफ पठान को उतारा है।
इसके अलावा आसनसोल से अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा और दुर्गापुर से पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद का नाम शामिल है। TMC ने बशीरहाट लोकसभा सीट से एक्ट्रेस नुसरत जहां और जादवपुर सीट से एक्ट्रेस मिमी चक्रवर्ती का टिकट काट दिया है।
TMC ने 2024 लोकसभा चुनाव के लिए 16 मौजूदा सांसदों को टिकट दिया है। इनमें 12 महिलाएं भी शामिल हैं। इसके अलावा बंगाली फिल्म इंडस्ट्री के दो बड़े चेहरे रचना बनर्जी को हुगली और दीपक अधिकारी देव को घाटल से टिकट दिया है। पूरी खबर पढ़ें …
लोकसभा चुनाव 2024 के लिए कांग्रेस ने 234 सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। राहुल गांधी वायनाड से चुनाव लड़ेंगे। वे अभी भी वहीं से सांसद हैं। छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल को राजनांदगांव और शशि थरूर को तिरुवनंतपुरम से टिकट मिला है। थरूर के खिलाफ भाजपा ने केंद्रीय राज्यमंत्री राजीव चंद्रशेखर को मैदान में उतारा है।मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ को छिंदवाड़ा से तो राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत को जालोर से टिकट दिया गया है। पूरी खबर पढ़ें …
लोकसभा चुनाव 2024 के लिए भाजपा ने 417 सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। भाजपा उम्मीदवारों में कंगना रनौत, जस्टिस अभिजीत गांगुली, मेनका गांधी जैसे बड़े नाम भी शामिल हैं। कंगना रनौत पहली बार चुनाव लड़ेंगी और वह लंबे समय से भाजपा का समर्थन करती रही हैं।
हरियाणा के पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर करनाल लोकसभा सीट से उम्मीदवार होंगे। वे विधायक पद से इस्तीफा दे चुके हैं। माना जा रहा है कि उन्हें लोकसभा सांसद बनने के बाद केंद्र में मंत्री के तौर पर शामिल किया जा सकता है।
अब तक भाजपा ने जिन उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं, उनमें पीएम नरेंद्र मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, मनोहर लाल खट्टर, स्मृति इरानी और पीयूष गोयल जैसे नाम शामिल हैं। पूरी खबर पढ़ें …
चुनाव आयोग ने 16 मार्च को लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों का ऐलान किया। इसी के साथ आचार संहिता भी लागू हो गई। 543 सीटों के लिए चुनाव सात फेज में होगा। पहले फेज की वोटिंग 19 अप्रैल को और आखिरी फेज की वोटिंग 1 जून को होगी। 4 जून को नतीजे आएंगे। आचार संहिता से लेकर नतीजे तक इसमें 80 दिन लगेंगे।
लोकसभा के साथ 4 राज्यों- आंध्र प्रदेश, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के विधानसभा चुनाव की तारीखें भी जारी कर दी गई हैं। ओडिशा में 13 मई, 20 मई, 25 मई और 1 जून को वोटिंग होगी। बाकी तीन राज्यों में एक फेज में चुनाव होंगे। अरुणाचल और सिक्किम में 19 अप्रैल, आंध्र प्रदेश में 13 मई को वोट डाले जाएंगे।
इलेक्शन शेड्यूल में सीटों की संख्या 543 से बढ़कर 544 सीटें हो गई है। इसकी वजह मणिपुर की आउटर मणिपुर लोकसभा सीट है। इस लोकसभा सीट में 28 विधानसभा सीटें है। 15 विधानसभा सीटों में 19 अप्रैल को और 13 विधानसभा सीटों में 26 अप्रैल को मतदान होगा। पूरी खबर पढ़ें …
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.
