प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने रविवार को कहा कि टिकट मिलना या कटना सब भाग्य की बात है। बीएनएसडी शिक्षा निकेतन इंटर कालेज में सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र के बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन में उन्होंने कहा कि यह भाजपा ही है जिसमें बूथ अध्यक्ष जिलाध्यक्ष प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय अध्यक्ष तक बन सकता है। उन्होंने कहा कि भाग्य से बढ़कर कोई चीज नहीं है।
जागरण संवाददाता, कानपुर। प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने रविवार को कहा कि टिकट मिलना या कटना सब भाग्य की बात है। बीएनएसडी शिक्षा निकेतन इंटर कालेज में सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र के बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन में उन्होंने कहा कि यह भाजपा ही है, जिसमें बूथ अध्यक्ष जिलाध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय अध्यक्ष तक बन सकता है।
उन्होंने कहा कि भाग्य से बढ़कर कोई चीज नहीं है। टिकट कटना या मिलना भाग्य की बात है जैसे रमेश अवस्थी को मिला लेकिन टिकट कटना भी गलत नहीं है। हो सकता है कि जिसका टिकट कटे उसकी कुंडली में आगे कुछ और बड़ा मिलना लिखा हो। यह सब भाग्य और कुंडली की बात है। जल शक्ति मंत्री ने बूथ अध्यक्षों को उठाकर उनसे उनके कार्यों की जानकारी ली।
उन्होंने पूछा कि कितने लोग घरों की कुंडी खटखटाने जा रहे हैं। सभी बूथ अध्यक्षों से वचन लिया कि वे अपने बूथों के 20 घरों में रोज जाकर कुंडी खटखटाएंगे। उत्तर जिलाध्यक्ष दीपू पांडेय ने उन्हें बताया कि सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र में 3600 पन्ना प्रमुख हैं, जिसमें 2300 पन्ना प्रमुख सक्रिय हैं।
सम्मेलन में प्रदेश उपाध्यक्ष सलिल विश्नोई, प्रत्याशी रमेश अवस्थी, लोकसभा प्रभारी रामशरण कटियार, संयोजक मणिकांत जैन, रीता शास्त्री, वीरेंद्र श्रीवास्तव, आनंद मिश्रा, नवाब सिंह, दीपक सिंह, अनूप पचौरी, अनूप अवस्थी, अंकित बाजपेई मौजूद रहे। इसके बाद देर शाम वह किदवई नगर विधानसभा क्षेत्र के सम्मेलन में पहुंचे। यहां क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, विधायक महेश त्रिवेदी, जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह, रामदेव शुक्ल आदि रहे।

