झारखंड में लोकसभा चुनाव के लिए चौथे चरण से मतदान होना है। इसे लेकर निर्वाचन आयोग की ओर से तैयारियां तेज हो गई है। रांची जिले में चुनाव को लेकर 42 हेलीपैड का निर्माण होगा ताकि मतदानकर्मियों को आने-जाने या किसी इमरजेंसी की स्थिति में उपयोग किया जा सके। इसके लिए स्थान चिन्हित कर लिए गए हैं। जानकारी के अनुसार हेलीपैड का निर्माण सातों विधानसभा क्षेत्र में होना है।
जागरण संवाददाता, रांची। लोकसभा चुनाव को लेकर जिले में 42 हेलीपैड व हेलीड्रापिंग चिह्नित किए गए हैं। यहां मतदान के दौरान जरूरी चीजों व मतदान कर्मियों को लाने या ले जाने की व्यवस्था होगी। साथ ही इमरजेंसी होने पर इन चयनित स्थलों का उपयोग किया जा सकता है।
इसे लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी राहुल कुमार सिन्हा ने भवन प्रमंडल को पत्र लिखकर इन स्थलों के स्थिति की रिपोर्ट मांगी है, जिससे यह पता चल सके कि यहां पर हेलीपैड का निर्माण व हेलीडापिंग की व्यवस्था हो सकती है या नहीं।
साथ ही इस स्थल पर कोई वृक्ष या विद्युत पोल तो नहीं है, जिससे हेलीकाप्टर को उतरने में बाधा उत्पन्न हो सकती है। स्थल निरीक्षण के दौरान यह देखा जा रहा है कि हेलीपैड 40 गुणा 40 फीट से कम नहीं होने चाहिए। कम से कम 82 गुणा 82 या इससे अधिक के सुरक्षा क्षेत्र से घिरे होने चाहिए।
इससे पहले अधिकारियों को निर्देश दिया जा चुका है कि आपातकालीन स्थिति के लिए हैलीपैड का स्थान जीआर के साथ सुनिश्चित रखें। पोलिंग पार्टी की तबीयत ज्यादा खराब होने पर उन्हें हेलीकाप्टर के माध्यम से चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही किसी अन्य हालत में भी इसकी आवश्यकता हो सकती है।
जिले के सातों विधानसभा क्षेत्र का स्थल निरीक्षण शुरू
जिले के सातों विधानसभा क्षेत्र के 42 चयनित स्थलों का निरीक्षण भवन प्रमंडल के अभियंताओं द्वारा शुरू कर दिया गया है। जिसकी रिपोर्ट भी भेजी जा रही है। इसमें राजधानी रांची व खिजरी विस क्षेत्र के शहरी क्षेत्र में धुर्वा, बहु बाजार, जिला स्कूल, ओरमांझी, तुपुदाना शामिल हैं। जबकि हटिया विस क्षेत्र के हरमू, कांके व बरियातू चयनित क्षेत्र हैं।
विधानसभा क्षेत्र : चयनित हेलीपैड स्थल
तमाड़ – 07
मांडर – 10
सिल्ली – 08
खिजरी – 05
रांची – 02
हटिया – 1
कांके – 09
ये भी पढ़ें-
Jharkhand News : रांची का एक ऐसा ‘आदर्श गांव’… जहां आज तक नहीं पहुंचे नेताजी, विलुप्त होने की कगार पर समाज
शहरी क्षेत्र में वोट प्रतिशत बढ़ाना चुनौती, वोटर अवेयरनेस को लेकर क्या है तैयारी; पढ़ें रांची DC का साक्षात्कार

