मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ: फेज-3 में 68% वोटिंग; मोदी बोले- 400 सीटें चाहिए ताकि कांग्रेस राम मंदिर पर ‘बाबरी ता… – Dainik Bhaskar

Spread the love

नमस्कार,
कल की बड़ी खबर लोकसभा चुनाव के तीसरे फेज में हुई वोटिंग की रही। एक खबर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चुनावी बयानों से जुड़ी रही।
लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…
अब कल की बड़ी खबरें…
1. फेज-3 में 11 राज्यों की 93 सीटों पर 68% वोटिंग, बंगाल में BJP-TMC कार्यकर्ताओं में झड़प
तीसरे फेज में 11 राज्यों की 93 सीटों पर 67.93% वोटिंग हुई। सबसे ज्यादा 81.71% वोट असम में, जबकि उत्तर प्रदेश में सबसे कम 57.34% वोटिंग हुई। पश्चिम बंगाल में मुर्शिदाबाद के भाजपा कैंडिडेट और TMC समर्थकों के बीच झड़प हुई है। बिहार में वोटिंग के दौरान एक चुनाव अधिकारी और होमगार्ड जवान की हार्ट अटैक से मौत हो गई। वहीं छत्तीसगढ़ के जशपुर में वोट देने पहुंचे बुजुर्ग वोटर की भी मौत हो गई।
2019 में इन 93 सीटों का परिणाम: 2019 में इन 93 सीटों में से 75 सीटें NDA और 11 सीटें विपक्षी दलों ने जीती थीं। 4 सीटों पर अविभाजित शिवसेना और 3 सीटों पर अन्य पार्टियों को जीत मिली थी। 2019 के लोकसभा चुनाव के थर्ड फेज में 116 सीटों के लिए 68.40% वोटिंग हुई थी।
नतीजे 4 जून को: लोकसभा की 543 सीटों के लिए 7 फेज में चुनाव हो रहे हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें…
2. PM बोले- मोदी को 400 सीटें चाहिए ताकि कांग्रेस राम मंदिर पर बाबरी ताला न लगा दे
PM मोदी ने मध्य प्रदेश के धार, खरगोन और गुजरात के अहमदनगर में चुनावी सभाएं की। उन्होंने धार में कहा, ‘मोदी को 400 सीटें चाहिए, ताकि मैं कांग्रेस और इंडी गठबंधन की हर साजिश को रोक सकूं। मुझे 400 सीटें चाहिए, ताकि कांग्रेस कश्मीर में धारा 370 को फिर से वापस लाकर चिपका न दे। मोदी को 400 सीटें चाहिए, ताकि कांग्रेस अयोध्या में राम मंदिर पर बाबरी ताला न लगा दे।’
मोदी बोले- इंडी गठबंधन SC-ST, OBC आरक्षण छीनना चाहता है: मोदी ने धार में कहा, ‘कांग्रेस के एक सहयोगी दल ने INDI गठबंधन के इरादों की पुष्टि कर दी है। उनके एक नेता चारा घोटाले में कोर्ट से सजा पा चुके हैं, अभी जमानत पर बाहर हैं। उन्होंने कहा कि मुसलमानों को पूर्ण आरक्षण मिलना चाहिए। इसका अर्थ क्या है? ये लोग SC-ST, OBC समुदाय से पूरा आरक्षण छीनकर मुसलमानों को देना चाहते हैं।’
लालू ने क्या कहा था: लालू ने पटना में पत्रकारों से कहा कि मुस्लिमों को आरक्षण मिलना चाहिए। हालांकि इस बयान पर विवाद बढ़ा तो सफाई भी दी। उन्होंने कहा, ‘मंडल कमीशन मैंने लागू किया था। आरक्षण सामाजिक आधार पर होता है, धर्म के आधार पर नहीं।’
पूरी खबर यहां पढ़ें…
3. केजरीवाल की जमानत पर फैसला नहीं, शर्त रखी- CM सरकारी काम में दखल नहीं देंगे दिल्ली शराब नीति मामले में अरविंद केजरीवाल की अंतरिम जमानत पर फैसला सुनाए बिना सुप्रीम कोर्ट की बेंच उठ गई। अदालत ने केजरीवाल से कहा, ‘अगर हम आपको जमानत देते हैं, तो आप ऑफिशियल ड्यूटी नहीं करेंगे। हम नहीं चाहते कि आप सरकार में दखलअंदाजी करें। अगर चुनाव नहीं होते तो अंतरिम जमानत का सवाल ही नहीं उठता था।’ केजरीवाल ने चुनाव प्रचार के लिए अंतरिम जमानत मांगी है।
आज फिर सुनवाई संभव: आज फिर मामले की सुनवाई हो सकती है। अदालत ने कहा कि सुनवाई नहीं हो पाती है तो 9 मई की डेट देंगे। वह भी संभव नहीं हुआ तो अगले हफ्ते की तारीख देंगे। उधर, दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने भी केजरीवाल की न्यायिक हिरासत 20 मई तक बढ़ा दी है। उन्हें 21 मार्च को गिरफ्तार किया गया था, वह 1 अप्रैल से तिहाड़ जेल में हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
4. हरियाणा सरकार से 3 निर्दलीय विधायकों ने समर्थन वापस लिया, सरकार अल्पमत में
हरियाणा में लोकसभा चुनाव के बीच 3 निर्दलीय विधायकों ने राज्य की सैनी सरकार से समर्थन वापस ले लिया। तीनों ने पूर्व CM भूपेंद्र हुड्‌डा की मौजूदगी में कांग्रेस के समर्थन का ऐलान किया। मार्च में भाजपा-जजपा गठबंधन टूटने के बाद पार्टी ने इन निर्दलीय विधायकों के समर्थन से सरकार बनाई थी। तीनों विधायकों के समर्थन वापस लेने के बाद सरकार अल्पमत में आ गई है।
लेकिन सरकार पर संकट नहीं: भाजपा के पास 88 में से 43 विधायकों का समर्थन बचा है। बहुमत के लिए 45 विधायक चाहिए। तीनों विधायकों के कांग्रेस को समर्थन देने के बाद विपक्ष के पास 45 विधायक हो गए हैं। इसके बावजूद सैनी सरकार को खतरा नहीं है। नायब सैनी ने इसी साल 12 मार्च को CM पद की शपथ ली थी और 13 मार्च को फ्लोर टेस्ट पास किया था। दो फ्लोर टेस्ट के बीच 6 महीने का गैप होना जरूरी है। ऐसे में विपक्ष 13 सितंबर 2024 तक अविश्वास प्रस्ताव नहीं ला सकता है। इसी साल अक्टूबर-नवंबर में हरियाणा में चुनाव होने हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
5. कश्मीर के कुलगाम में 2 आतंकी ढेर, इनमें 10 लाख का इनामी लश्कर कमांडर भी शामिल
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों ने 2 आतंकियों को मार गिराया। मारा गया पहला आतंकी लश्कर का टॉप कमांडर बासित डार है। उस पर 10 लाख रुपए का इनाम था। दूसरे आतंकी का नाम फहीम अहमद है। वह ओवर ग्राउंड वर्कर था, जो आतंकियों की मदद करता था।
सरेंडर का मौका भी मिला था: पुलिस ने बताया कि आतंकियों को सरेंडर करने का मौका दिया गया था, लेकिन उन्होंने फायरिंग जारी रखी। एनकाउंटर के दौरान सुरक्षाबलों ने उस घर में ब्लास्ट किया, जहां आतंकी छिपे थे। इससे घर में आग लग गई। दोनों आतंकियों के शव बरामद कर लिए गए।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
6. प. बंगाल में 25 हजार शिक्षकों की नियुक्तियां रद्द करने पर रोक, SC बोला- CBI जांच जारी रखे
सुप्रीम कोर्ट ने पश्चिम बंगाल में 25 हजार शिक्षकों की भर्ती रद्द करने के कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेश पर रोक लगा दी। कोर्ट ने CBI को जांच जारी रखने का आदेश देते हुए कहा कि इस दौरान कर्मचारियों पर कोई एक्शन न लिया जाए। अदालत ने सुनवाई के दौरान राज्य सरकार से कहा कि यह सिस्टमेटिक फ्रॉड है। इससे लोगों का भरोसा उठ जाएगा।
भर्ती में घूस लेने का आरोप: कलकत्ता हाईकोर्ट ने 22 अप्रैल को 25 हजार 753 शिक्षकों की नियुक्तियां रद्द कर दी थी। साथ ही 7-8 साल के दौरान मिली सैलरी 12% ब्याज के साथ लौटाने के निर्देश भी दिए थे। इस भर्ती में 2 से 15 लाख रुपए तक की घूस लेने का आरोप है। हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ ममता सरकार सुप्रीम कोर्ट पहुंची थी।
क्या है पूरा मामला: 2014 में शिक्षक भर्ती का नोटिफिकेशन आया, इसकी प्रक्रिया 2016 में पूरी हुई। तब पार्थ चटर्जी राज्य के शिक्षा मंत्री थे। आरोप लगा कि जिन उम्मीदवारों के नंबर कम थे, उन्हें मेरिट लिस्ट में ऊपर स्थान मिला। हाईकोर्ट ने 2016 में जांच के आदेश दिए। ED ने शिक्षक भर्ती घोटाले में 23 जुलाई 2022 को पार्थ चटर्जी और उनकी सहयोगी अर्पिता मुखर्जी के ठिकानों पर रेड की। अर्पिता के फ्लैट से 21 करोड़ रुपए कैश, 60 लाख की विदेशी करेंसी, 20 फोन और अन्य दस्तावेज मिले। 24 जुलाई को ED ने अर्पिता और पार्थ को गिरफ्तार कर लिया।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
7. व्लादिमीर ​​​​​​पुतिन 5वीं बार रूस के राष्ट्रपति बने, कहा- दुश्मनों से भी रिश्ते सुधारेंगे
व्लादिमीर पुतिन 5वीं बार रूस के राष्ट्रपति बने हैं। उन्होंने 33 शब्दों में शपथ ली, इसके बाद कहा, ‘हम और मजबूत होंगे। उन देशों के साथ अपने रिश्ते मजबूत करेंगे जो हमें दुश्मन समझते हैं।’ 15 से 17 मार्च को हुए चुनाव में पुतिन को 88% वोट मिले थे। वहीं उनके विरोधी निकोले खारितोनोव को सिर्फ 4% वोट मिले थे।
पश्चिमी देशों ने बहिष्कार किया: पुतिन के शपथ ग्रहण समारोह का अमेरिका, ब्रिटेन और कई यूरोपीय देशों ने बहिष्कार किया। हालांकि, भारत के राजदूत विनय कुमार कार्यक्रम में मौजूद रहे। पुतिन ने साल 2000 में पहली बार राष्ट्रपति पद की शपथ ली थी। इसके बाद से 2004, 2012 और 2018 में भी वे राष्ट्रपति बन चुके हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
8. IPL 2024: दिल्ली ने राजस्थान को 20 रन से हराया, RR के प्लेऑफ का इंतजार बढ़ा
दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने IPL-2024 के 56वें मैच में राजस्थान रॉयल्स (RR) को 20 रन से हरा दिया। कैपिटल्स ने रॉयल्स के प्लेऑफ में पहुंचाने का इंतजार बढ़ा दिया है और अपनी उम्मीदें कायम रखी हैं। RR को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए अब भी एक और जीत की जरूरत है। DC ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 221 रन बनाए। जवाब में राजस्थान 20 ओवर में 8 विकेट पर 201 रन ही बना सकी।
मैच के हाईलाइट्स: DC के ओपनर जैक फ्रेजर-मैगर्क (50 रन) और अभिषेक पोरेल (65 रन) ने अर्धशतक जमाए। ट्रिस्टन स्टब्स ने 41 रन बनाए। राजस्थान से रविचंद्रन अश्विन ने 3 विकेट लिए। युजवेंद्र चहल, संदीप शर्मा और ट्रेंट बोल्ट को एक-एक विकेट मिला। RR से संजू सैमसन ने 46 बॉल पर 86 रन की पारी खेली। रियान पराग ने 27 और शिवम दुबे ने 25 रन बनाए। खलील अहमद, मुकेश कुमार और कुलदीप यादव ने दो-दो विकेट लिए।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
आज का कार्टून By मंसूर नकवी…
कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…
अब खबर हटके…
गुजरात के गिर में अनोखा पोलिंग स्टेशन, 100% वोटिंग हुई
गुजरात के गिर स्थित बनेज इलाके में 100% वोटिंग हुई। यह इलाका गिर-सोमनाथ जिला मुख्यालय से 25 किमी दूर घने जंगल में है। यहां सिर्फ एक ही वोटर हैं। इनका नाम स्वामी हरिदास उदासीन है। हरिदास ने बताया कि सिर्फ उनका वोट लेने के लिए 10 लोगों की टीम आई थी।
भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…
इन करेंट अफेयर्स के बारे में विस्तार से पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…
मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.

source

Previous post Lok Sabha Election 2024 : बिहार के मौसम से EVM पर खतरा; इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन बारिश से न हो जाएं खराब – अमर उजाला
Next post Padma Shri Rajanna: 'गद-गद कंठ न कछु कहि जाई'; राष्ट्रपति भवन में PM मोदी से मिलकर भावुक हुए दिव्यांग राजन्ना – अमर उजाला

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *