click this icon for latest updates
Updated: May 10, 2024 11:38 PM IST
By Ezaz Ahmad | Edited by Ezaz Ahmad
Gujarat Titans vs Chennai Super Kings 59th Match: कप्तान शुभमन गिल (104) और साई सुदर्शन (103) के बाद मोहित शर्मा (31 रन पर 3 विकेट) की बदौलत गुजरात टाइटंस ने मौजूदा चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स को 35 रन से हराकर आईपीएल 2024 के प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को जिंदा रखा है. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में सीजन के 59वें मैच में शुक्रवार (10 मई) को गुजरात ने पहले तो 3 विकेट पर 231 रनों का विशाल स्कोर बनाया और फिर चेन्नई सुपर किंग्स को निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट पर 196 रनों पर रोक दिया.
जीत के बाद गुजरात की टीम प्लेऑफ की रेस में कायम
यह मैच गुजरात के लिए करो या मरो जैसा था. टीम की 12 मैचों में यह पांचवीं जीत है और अब उसके 10 अंक हो गए हैं. इसके साथ गुजरात की टीम अब 10वें से आठवें नंबर पर पहुंच गई है. शुभमन गिल की टीम अभी भी प्लेऑफ की रेस में कायम है. प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए गुजरात को अभी अपने बाकी बचे दोनों मैच जीतने होंगे. लेकिन एक हार भी टीम को नॉकआउट की दौड़ से बाहर कर देगी. वहीं, मौजूदा चैंपियन चेन्नई की 12 मैचों में यह छठी हार है. टीम 12 अंकों के साथ अभी भी चौथे पायदान पर बरकरार है.
गुजरात से मिले 232 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत खराब रही है टीम ने 10 रन के अंदर ही अपने टॉप तीन विकेट गंवा दिए. इनमें अजिंक्य रहाणे (1), रचिन रवींद्र (1) और कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ (0) के विकेट शामिल थे. हालांकि इसके बाद डेरिल मिचेल (63) और फिर मोईन अली (56) ने चौथे विकेट के लिए 57 गेंदों पर 109 रनों की शतकीय साझेदारी करके चेन्नई को मुकाबले में बनाए रखा.
खतरनाक होती जा रही इस साझेदारी को मोहित शर्मा ने आकर तोड़ा, जब उन्होंने मिचेल को कैच आउट करा दिया. मिचेल ने 34 गेंदों पर सात चौके और तीन छक्के लगाए. मोहित ने फिर अपने अगले ही ओवर में मोईन अली को भी पवेलियन का रास्ता दिखाकर गुजरात को एक और ब्रेकथ्रू दिला दिया. मोईन ने 36 गेंदों पर चार चौके और इतने ही छक्के उड़ाए. मिचेल और मोईन के आउट होने के बाद सारी जिम्मेदारी शिवम दुबे और रवींद्र जड़ेजा के कंधों पर आ टिकी.
चेन्नई सुपर किंग्स को जीत के लिए अंतिम चार ओवरों में 70 रनों की दरकार थी. शिवम दुबे और रवींद्र जड़ेजा ने छठे विकेट के लिए 30 रनों की साझेदारी करके चेन्नई को गेम में बनाए रखा. लेकिन मोहित फिर यहां भी गुजरात के लिए संकटमोचक बनकर उभरे. उन्होंने शिवम को कैच आउट कराकर चेन्नई को छठा झटका दे दिया. दुबे ने 13 गेंदों पर दो चौके और एक छक्के के दम पर 21 बनाए. दुबे के आउट होने के बाद एमएस धोनी की मैदान पर एंट्री हुई.
अंतिम तीन ओवरों में चेन्नई को जीत के लिए 64 रन बनाने थे और धोनी तथा जडेजा की जोड़ी क्रीज पर मौजूद थी. हालांकि तभी 18वें ओवर में राशिद खान ने जडेजा को और फिर मिचेल सैंटलर को बोल्ड करके चेन्नई की जीत की उम्मीदों को धूमिल कर दिया. हालांकि धोनी ने आखिरी ओवर में लगातार दो छक्के लगाकर फैंस का मनोरंजन कर दिया. लेकिन वह चेन्नई को जीत नहीं दिला पाए. धोनी ने 11 गेंदों पर एक चौका और तीन छ्क्कों के सहारे नाबाद 26 रन बनाए.
गुजरात टाइटंस की ओर से मोहित शर्मा के तीन विकेटों के अलावा राशिद खान ने दो और उमेश यादव तथा संदीप वॉरियर ने एक-एक विकेट चटकाए.
शुभमन और सुदर्शन ने ठोके शतक, रचा इतिहास
इससे पहले, कप्तान शुभमन गिल (104) और साई सुदर्शन (103) के बीच पहले विकेट के लिए हुई 210 रनों की दोहरी शतकीय साझेदारी के दम पर गुजरात टाइटंस ने 3 विकेट पर 231 रनों का विशाल स्कोर बना दिया. गुजरात टाइटंस के लिए आईपीएल में किसी भी विकेट के लिए अब तक की यह सबसे बड़ी साझेदारी है. आईपीएल 2024 में किसी भी टीम का किसी भी विकेट के लिए यह सबसे बड़ी साझेदारी है. आईपीएल के इतिहास में पहले विकेट के लिए यह सबसे बड़ी साझेदारी है.
गिल और सुदर्शन ने पहले विकेट के लिए 148 रनों की साझेदारी करते ही आईपीएल में गुजरात के लिए किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी कर डाली. इससे पहले, गिल और सुदर्शन की जोड़ी ने ही साल SRH के खिलाफ 147 रनों की साझेदारी की थी. गिल और सुदर्शन ने पहले विकेट के लिए 148 रनों की साझेदारी आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है.
शुभमन गिल और साई सुदर्शन-दोनों ने 50-50 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया. गिल का आईपीएल में उनका यह चौथा शतक है और चारों गुजरात के लिए खेलते हुए आया है. सुदर्शन का यह पहला शतक है. सुदर्शन 17.2 ओवर में तुषार देशपांडे का शिकार बने. साई ने 51 गेंदों पर पांच चौके और सात छक्के लगाए. सुदर्शन अब आईपीएल के इतिहास में सबसे तेज 1000 रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने 25 पारियों में यह आकंड़ा हासिल किया है. गिल 17.6 ओवर में 55 गेंदों पर नौ चौके और छह छक्कों की मदद से 104 रन बनाकर आउट हुए. साई और गिल के अलावा डेविड मिलर ने नाबाद 16 रन बनाए.
आईपीएल में यह केवल तीसरी बार ही हुआ है जब किसी मैच की एक ही पारी में दो बल्लेबाजों ने शतक ठोका है. शुभमन गिल और साई सुदर्शन से पहले सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने 2019 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 2016 में गुजरात लायंस के खिलाफ किया था.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
PAK vs IRE: टी20 वर्ल्ड कप से पहले पाकिस्तान क्रिकेट टीम की शर्मनाक हार, आयरलैंड ने चटाई धूल
GT Vs CSK, IPL 2024: शुभमन-सुदर्शन के शतक के बाद मोहित ने जीता दिल, चेन्नई को चौंकाकर गुजरात प्लेऑफ की रेस में कायम
GT vs CSK: शुभमन गिल ने ठोकी चौथी सेंचुरी, IPL के इतिहास में आया 100वां शतक
GT vs CSK: साई सुदर्शन ने पहले शतक के साथ रचा इतिहास, सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ा
GT vs CSK: साई सुदर्शन और शुभमन गिल ने शतक ठोककर रचा इतिहास, IPL में लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.
