लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजे घोषित हो गए हैं। भाजपा बहुमत हासिल नहीं कर पाई। चुनाव से पहले ही विदेश दौरों को स्वीकार करने वाले नरेंद्र मोदी को सरकार बनाने के लिए दूसरी पार्टियों पर निर्भर हैं।
नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार PM बन सकते हैं। अगर वे एक बार फिर से पीएम बनते हैं तो वे जवाहरलाल नेहरू के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाले दूसरे पीएम होंगे।
मोदी को दुनिया भर से बधाई संदेश मिलने शुरू हो गए हैं। अब तक 90 से ज्यादा वर्ल्ड लीडर्स सोशल मीडिया और लेटर्स के जरिए मोदी को बधाई दे चुके हैं। इनमें बांग्लादेश की PM शेख हसीना से लेकर साउथ कोरिया के राष्ट्रपति यून सुक यिओल तक शामिल हैं। जानिए किसने क्या कहा…
हमास के खिलाफ जंग के बीच इजराइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने कहा…
चुनाव से पहले ही मोदी को G7 के लिए न्योता देने वाली इटली की प्रधानमंत्री जियॉर्जिया मेलोनी ने लिखा…
अमेरिका ने पीएम मोदी को लगातार तीसरी बार जीत के लिए बधाई दी है। अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने एक स्टेटमेंट में कहा कि पीएम मोदी और उनके गठबंधन की लोकसभा चुनाव में तीसरी बार जीत के लिए बधाई। इस चुनाव में करीब 65 करोड़ लोगों ने मताधिकार का प्रयोग किया।
ये मानव जाति के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा चुनाव था। हम वोटरों, पार्टी कार्यकर्ताओं, सिविल सोसायटी और पत्रकारों को उनके योगदान के लिए सराहना करते हैं। हम भारत सरकार के साथ हमारी साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए तत्पर हैं।
जेलेंस्की बोले- NDA को तीसरी जीत की बधाई
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने भारत में हुए चुनावों की सहराना की है। उन्होंने एक पोस्ट में लिखा कि NDA को भारत के संसदीय चुनावों में लगातार तीसरी जीत पर बधाई। मैं भारत के लोगों के लिए शांति, समृद्धि की कामना करता हूं। भारत-यूक्रेन एक जैसे मूल्य और इतिहास साझा करते है। हमारी पार्टनरशिप लगातार बढ़ती रहे, जिससे दोनों देशों के बीच प्रगति और आपसी समझ बढ़े।
दुनिया में हर कोई वैश्विक मामलों में भारत की अहमियत जानता है। हम उम्मीद करते है कि भारत स्विट्जरलैंड में होने वाले पीस समिट में जरूर हिस्सा लेगा।
पीएम मोदी ने व्लादिमीर पुतिन से की टेलीफोन पर बात
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी पीएम मोदी को बधाई दी है। समाचार एजेंसी AFP ने क्रेमलिन के हवाले से लिखा है कि पुतिन ने भारत के प्रधानमंत्री से बुधवार को फोन पर बातचीत की। इस दौरान पीएम मोदी ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को धन्यवाद दिया और कहा कि वह भारत-रूस रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए काम करेंगे।
फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने पीएम मोदी को दी बधाई
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भी पीएम मोदी को तीसरे कार्यकाल के लिए बधाई दी है। उन्होंने पोस्ट कर लिखा- भारत में दुनिया का सबसे बड़ा चुनाव संपन्न हुआ है। इसके लिए पीएम नरेंद्र मोदी को बधाई! मेरे प्रिय मित्र। हम साथ मिलकर भारत और फ्रांस को एकजुट करने वाली रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करना जारी रखेंगे।
शेख हसीना ने भी दी PM मोदी को बधाई
प्रधानमंत्री मोदी को पड़ोसी देश बांग्लादेश से भी बधाई संदेश मिला है। बांग्लादेशी पीएम शेख हसीना ने पीएम मोदी को चिट्ठी लिखी है। इसमें उन्होंने लिखा है- दुनिया के सबसे विशाल लोकतंत्र के नेतृत्वकर्ता के रूप में आप भारतीयों की आशाओं और उम्मीदों का भार ढोते हैं। आपकी ये शानदार जीत भारत के लोगों के आपके नेतृत्व में भरोसा और विश्वास का प्रमाण है। बांग्लादेश, भारत का एक भरोसेमंद मित्र देश है। हम साथ मिलकर दोनों देशों की बेहतरी के लिए काम करते रहेंगे।
UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने हिंदी में पोस्ट लिखकर PM मोदी की तारीफ की है। उन्होंने पोस्ट में लिखा है- मैं अपने मित्र नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री पद के रूप में फिर से चुने जाने पर बधाई देता हूं। भारत को और अधिक प्रगति और विकास की तरफ ले जाने में उनकी सफलता की कामना करता हूं। मैं हमारे देशों और हमारे लोगों के साझा विकास के लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से निरंतर सहयोग की आशा करता हूँ।
सत्ता में आते ही भारत से विवाद बढ़ाने वाले मुइज्जू ने भी मोदी को बधाई दी है…
चुनाव में ऐतिहासिक जीत के लिए मेरे दोस्त मोदी और NDA को शुभकामनाएं। वे भारत को नई ऊंचाइयों पर ले जा रहे हैं। मैं दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने के लिए उनके साथ मिलकर काम करने को उत्सुक हूं।
चीन और ताइवान ने भी दी प्रधानमंत्री को बधाई
चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने कहा कि चीन दोनों देशों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए, दोनों देशों के बीच बेहतर संबंधों बढ़ावा देने के लिए भारत के साथ काम करने को तैयार है।
ताइवान के राष्ट्रपति लाई चिंग ते ने प्रधानमंत्री मोदी को जीत पर बधाई दी है। उन्होंने एक पोस्ट में लिखा भारत-ताइवान आपसी साझेदारी, व्यापार, टेक्नोलॉजी और अन्य क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए तैयार है ताकि इंडो पैसिफिक में शांति बन सके।
नेपाल-भूटान के लीडर्स बोले- PM मोदी के नेतृत्व में भारत नई ऊंचाइयां छुएगा…
नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल प्रचंड ने प्रधानमंत्री मोदी को लगातार तीसरी बार सत्ता में आने पर बधाई दी। दहल ने एक पोस्ट कर लिखा कि NDA को दुनिया में सबसे बड़े चुनाव में तीसरी बार जीत के लिए बधाई। मोदी की जीत से भारत नई ऊंचाई छुएगा। हम उनके साथ मिलकर भारत-नेपाल संबंधों को और मजबूत करेंगे।
भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और NDA को तीसरे कार्यकाल के लिए जीत पर बधाई दी है। मोदी की जीत से भारत नई ऊंचाई छुएगा। हम उनके साथ मिलकर भारत-भूटान के संबंधों को और ज्यादा मजबूत करेंगे।
जर्मन चांसलर ने पीएम मोदी को दी बधाई
जर्मन चांसलर ओलाफ शोल्ज ने भी पीएम मोदी को लगातार तीसरी जीत की बधाई दी है। उन्होंने अपने बधाई संदेश में लिखा- जर्मनी-भारत के बीच दशकों से रणनीतिक संबंध रहे हैं। हम इसे आगे बढ़ाते रहेंगे और अंतरराष्ट्रीय और वैश्विक मुद्दों पर साथ काम करते रहेंगे।
भारत की मदद से आर्थिक तंगी से निकले पड़ोसी देश श्रीलंका के राष्ट्रपति ने लिखा…
श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे ने BJP और PM मोदी को शुभकामनाएं देते हुए कहा, “मैं BJP के गठबंधन NDA को चुनाव में जीत की बधाई देता हूं। भारत के सबसे करीबी पड़ोसी होने के नाते हम उनके साथ पार्टनरशिप और मजबूत करते रहेंगे।”
मॉरीशस के भारतीय मूल के प्रधानमंत्री ने दी बधाई…
मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जुगनॉथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीसरे कार्यकाल के लिए चुनाव में जीत पर बधाई दी है। उन्होंने एक पोस्ट में लिखा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सबसे बड़ा लोकतंत्र ऐसे ही विकास करता रहेगा। मॉरीशस-भारत के संबंध हमेशा अमर रहें।
नीदरलैंड के पीएम मार्क रूट ने दी बधाई
नीदरलैंड की पीएम मार्क रूट ने भी पीएम मोदी की तीसरी पारी को लेकर बधाई दी है। उन्होंने पोस्ट में लिखा- अभी भारत के पीएम नरेंद्र मोदी से बातचीत कर उन्हें चुनावी जीत पर बधाई दी। हमने सुरक्षा, वाटर मैनेजमेंट, ग्रीन एनर्जी, सेमीकंडक्टर्स और हेल्थ केयर आदि विषयों पर सहयोग को और बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की।
किसी पार्टी को बहुमत नहीं फिर मोदी को बधाई क्यों दे रहे वर्ल्ड लीडर्स?
अंतर्राष्ट्रीय मामलों के जानकार प्रोफेसर राजन कुमार के मुताबिक बहुमत नहीं मिलने की परिस्थिति में वर्ल्ड लीडर्स उस पार्टी या नेता को बधाई देते हैं जिसे सबसे ज्यादा वोट मिले हैं। भारत के केस में वर्ल्ड लीडर्स मोदी को बधाई दे सकते हैं। भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है।
हालांकि अगर राजनीतिक उठापटक की स्थिति बन रही हो तो बधाई देने से पहले सरकार बनने तक का इंतजार किया जाता है। जब कोई राष्ट्रपति या प्रधानमंत्री पद की शपथ ले लेते हैं तभी बधाई दी जाती है।
चुनाव जीतने पर बधाई डिप्लोमेसी कितना अहम, पुतिन-बाइडेन के किस्से से समझिए…
नवंबर 2020 की बात है। जो बाइडेन अमेरिका के नए राष्ट्रपति बने थे। दुनियाभर के देशों के नेता उन्हें जीत की बधाई दे रहे थे। इसी वक्त रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने उन्हें उस समय जीत की बधाई देने से मना कर दिया।
पुतिन ने मीडिया को बताया था- ‘ट्रम्प ने अपनी हार मानने से इनकार कर दिया है और कोर्ट में बाइडेन की जीत को चुनौती दी है। कानूनी लड़ाई के फैसले आने तक इंतजार करेंगे। फैसला आने के बाद ही बाइडेन को औपचारिक रूप से बधाई देंगे।’
जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि बधाई न देकर क्या पुतिन दोनों देशों के रिश्तों को खराब नहीं कर रहे हैं? इस सवाल के जवाब में पुतिन ने कहा था कि ‘जो रिश्ता पहले से ही खराब है वो और क्या खराब होगा’।
इसके साथ ही पुतिन ने कहा, ‘हम लोगों का दोनों से सम्मानजनक संबंध है। हमें किसी से कोई समस्या नहीं है। यह एक औपचारिक मामला है। हमारा कोई छुपा हुआ एजेंडा नहीं है। मुझे नहीं लगता कि औपचारिक रस्म निभाने में जल्दबाजी दिखाने से खराब रिश्ते अच्छे हो जाएंगे। ‘इसी तरह मैक्सिको के उस वक्त के राष्ट्रपति एंड्रेस मेनवेल लोपेस ओब्रेडोर ने भी बाइडेन को जीत की बधाई नहीं दी थी।
उन्होंने कहा था कि बाइडेन को बधाई देना जल्दबाजी होगी और वे कानूनी मुद्दे के खत्म होने तक इंतजार करना चाहते हैं। इन दोनों देशों से अमेरिका और बाइडेन की पार्टी के रिश्ते अच्छे नहीं थे। ऐसे में रूस और मैक्सिको के राष्ट्राध्यक्षों की ओर से बधाई नहीं आने की वजह खराब रिश्ते को बताया गया था।
आमतौर पर किसी देश में चुनाव जीतने वाले लीडर को बधाई देना दोनों के संबंधों की अहमियत को दिखाता है। इसलिए बधाई डिप्लोमेसी को जरूरी माना जाता है।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.
