नरेंद्र मोदी 9 जून 2024 की शाम 7.15 बजे लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। मोदी के साथ NDA के 14 सहयोगी दलों के 18 सांसद भी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। इनमें 7 कैबिनेट और बाकी 11 स्वतंत्र प्रभार और राज्यमंत्री के रूप में शपथ ले सकते हैं। हालांकि, इसकी आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
माना जा रहा है 3 दर्जन से अधिक सांसद मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। TDP और JDU से 2-2 और शिवसेना से एक कैबिनेट मंत्री बन सकते हैं। सूत्रों का कहना है कि इसके अलावा NCP, LJP और JDS के कोटे से कैबिनेट मंत्री शपथ ले सकते हैं।
TDP के एक सांसद ने बताया कि किस दल से कितने मंत्री बनाए जाएंगे, इसका फॉर्मूला पहले ही तय किया जा चुका है। इसको लेकर सार्वजनिक रूप से किसी तरह की चर्चा करने की कोई जरूरत नहीं है। सभी इस बात पर सहमत हैं कि PM जिसे जो जिम्मेदारी देंगे, वे उसे निभाएंगे।
JDU सांसद लवली आनंद ने रेलवे मंत्रालय के सवाल पर कहा, बिल्कुल (जदयू को) मिलना चाहिए। पहले भी ऐसा ही था। जदयू सांसदों ने बिहार के लिए विशेष राज्य के दर्जे की भी बात फिर दोहराई है।
राष्ट्रपति ने मोदी को तीसरी बार सरकार बनाने का न्योता दिया
इससे पहले नरेंद्र मोदी को शुक्रवार 7 जून को लगातार तीसरी बार NDA का नेता चुना गया। पुराने संसद भवन के सेंट्रल हॉल में NDA संसदीय दल की बैठक हुई। इसमें NDA के सभी 293 लोकसभा सांसदों, राज्यसभा सांसद और सभी राज्यों के मुख्यमंत्री और डिप्टी CM की मौजूदगी में सुबह 11 बजे इस पर मुहर लगाई गई।
इसके बाद NDA ने दोपहर 3 बजे सरकार बनाने का दावा पेश किया। गठबंधन के नेताओं ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को समर्थन का पत्र सौंपा। फिर शाम 6 बजे मोदी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिले। राष्ट्रपति ने उन्हें सरकार बनाने का न्योता दिया। बैठक के बाद मोदी ने भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी और पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से उनके घर जाकर भेंट की।
भाजपा को बहुमत नहीं, 14 सहयोगी दलों के 53 सांसदों का समर्थन
लोकसभा चुनाव में भाजपा को 240 सीटें मिली हैं। यह बहुमत के आंकड़े (272) से 32 सीटें कम हैं। हालांकि, NDA ने 293 सीटों के साथ बहुमत के आंकड़े को पार कर लिया। NDA में भाजपा के अलावा 14 सहयोगी दलों के 53 सांसद हैं।
गठबंधन में चंद्रबाबू की TDP 16 सीटों के साथ दूसरी और नीतीश की JDU 12 सीटों के साथ तीसरी सबसे बड़ी पार्टी है। दोनों ही पार्टियां इस वक्त भाजपा के लिए जरूरी हैं। इनके बिना भाजपा का सरकार बनाना मुश्किल है।
भाजपा सूत्रों के अनुसार 9 जून को शपथ समारोह के बाद पीएम मोदी 10 और 11 जून को वाराणसी जाएंगे। वह यहां गंगा आरती करेंगे। उनके जनसभा की भी तैयारियां चल रही हैं। हालांकि, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। पीएम मोदी वाराणसी से ही लगातार तीसरी बार लोकसभा सदस्य चुने गए हैं।
नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में एशिया की पहली महिला लोको पायलट सुरेखा यादव शामिल होंगी। छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-सोलापुर से वंदे भारत ट्रेन चलाने वाली सुरेखा यादव शपथ समारोह के लिए आमंत्रित 10 लोको पायलटों में से एक हैं।
तेलुगु देशम पार्टी (TDP) के चीफ चंद्रबाबू नायडू ने शुक्रवार 7 जून को दिल्ली में अपनी पार्टी के जीते हुए सभी 16 सांसदों से मुलाकात की। नायडू ने बताया कि 12 जून को मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण के बाद उनकी पार्टी सबसे पहले 5 साल से रुकी हुई DSC शिक्षक भर्ती को बहाल करेगी। शिक्षक भर्ती को लेकर TDP ने अपने मेनिफेस्टो में भी वादा किया था कि सरकार बनते ही इसको लेकर बड़ा फैसला लिया जाएगा।
आंध्र प्रदेश में लोकसभा के साथ विधानसभा चुनाव भी हुए थे। इसमें NDA ने भारी बहुमत से जीत दर्ज की है। विधानसभा की 175 सीटों में से नायडू की TDP को 135, पवन कल्याण की जनसेना को 21 और भाजपा को 8 सीटें मिली हैं। तीनों गठबंधन में हैं। जगन मोहन रेड्डी की YSRCP को केवल 11 सीटों मिलीं। कांग्रेस राज्य में अपना खाता भी नहीं खोल सकी।
लोकसभा चुनाव में TDP ने आंध्र की 25 सीटों में से 16 पर जीत दर्ज की। भाजपा 3 और जनसेना पार्टी 2 सीटों पर जीतीं। YSRCP ने 4 सीटें जीती हैं।
18वीं लोकसभा का पहला सत्र 15 जून के आसपास शुरू होने और 22 जून को खत्म होने की संभावना है। सूत्रों ने शुक्रवार 7 जून को बताया कि सदन के सदस्यों के रूप में नए सांसदों के शपथ लेने के साथ पहला सत्र शुरू होगा। शपथ ग्रहण दो दिनों तक चलने की संभावना है। इसके बाद एक नया अध्यक्ष चुना जाएगा।
इसके अगले दिन राष्ट्रपति लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगे और सत्र का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। सत्र की तारीखों पर अंतिम फैसला नया केंद्रीय मंत्रिमंडल करेगा। सत्र के दौरान प्रधानमंत्री मोदी अपने मंत्रिपरिषद के सदस्यों का दोनों सदनों से परिचय भी कराएंगे।
राष्ट्रपति भवन में 9 जून को शपथ ग्रहण समारोह के तुरंत बाद कैबिनेट की बैठक हो सकती है। केंद्रीय मंत्रिमंडल की सलाह पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 5 जून को 17वीं लोकसभा भंग कर दी थी।
दिल्ली पुलिस ने 9 जून को प्रधानमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर एडवाइजरी जारी की है। इसके तहत 9 और 10 जून को दिल्ली में नो-फ्लाई जोन की घोषणा की गई है। समारोह के दौरान दिल्ली में पैरामोटर्स, हैंग ग्लाइडर, हॉट एयर बैलून और ड्रोन उड़ाने जैसी गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया गया है।
दिल्ली पुलिस के सीनियर अधिकारियों ने शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी के तहत 7 जून को राष्ट्रपति भवन में जाकर वहां की सुरक्षा स्थिति का जायजा लिया। समारोह में शामिल होने वाले दूसरे देशों के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और अन्य मेहमानों के ठहरने के लिए दिल्ली के तीन बड़े होटलों में व्यवस्था की गई है। यहां भी सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार 7 जून को NDA संसदीय दल की बैठक के बाद 72 मिनट की स्पीच दी। इसमें उन्होंने NDA, विकास, डेमोक्रेसी, अर्थव्यवस्था, चुनाव प्रक्रिया और दक्षिणी राज्यों का जिक्र किया। पीएम ने राहुल गांधी पर निशाना भी साधा।
स्पीच में उन्होंने सबसे ज्यादा बार NDA (19) का नाम लिया। 13 बार भारत, 9 बार अलायंस, 6 बार 4 जून (नतीजे की तारीख), 5 बार EVM और 1-1 बार विपक्ष-इंडी गठबंधन का नाम लिया। मोदी ने NDA को न्यू, डेवलप्ड, एस्पिरेशनल इंडिया बताया। कहा कि कुछ लोगों का काम चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाना है, लेकिन EVM ने सभी को जवाब दे दिया। मोदी की पूरी स्पीच पढ़ें…
जेडीयू संसदीय बैठक में आनंद मोहन ने कहा- मैं यूं ही मुलाकात करने आया हूं। आगे कहा,रेल मंत्रालय की मांग पक्की हो गई है। यह बिहार के हिस्से में रहा है। पिछड़े बिहार को रेल मंत्रालय की जरूरत है। सीएम ने पिछले 16 सालों में बिहार को जंगल-राज से बाहर निकाला और विकासशील बिहार बनाया। अगर हम इसे पंख देना चाहते हैं, तो विशेष राज्य की मांग पूरी होनी चाहिए।
वहीं, बिहार को विशेष राज्य का दर्जा मिलने की मांग पर LJP (R) की सांसद वीणा देवी ने कहा, बिहार को मिले इसके समर्थन में सभी लोग रहेंगे। हम लोग बिहार की भलाई चाहेंगे क्योंकि बिहार के रहने वाले हैं।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.
