मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ: मोदी कैबिनेट में 72 मंत्री, 33 नए चेहरे, 11 गैर-भाजपाई; कश्मीर में आतंकी हमला, 10 मौत… – Dainik Bhaskar

Spread the love

नमस्कार,
कल की बड़ी खबर मोदी कैबिनेट के शपथ ग्रहण की रही। एक खबर भारत-पाकिस्तान के बीच हुए वर्ल्ड कप मैच की रही, जिसमें भारत ने पाकिस्तान को 15वीं बार शिकस्त दी।
लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…
अब कल की बड़ी खबरें…
1. मोदी कैबिनेट में 72 मंत्री, इनमें 11 सहयोगी दलों से; शिवराज-खट्टर पहली बार केंद्रीय मंत्री
नरेंद्र मोदी ने लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। इसके बाद राजनाथ सिंह, अमित शाह, नितिन गडकरी, जेपी नड्डा और शिवराज सिंह चौहान समेत 30 कैबिनेट मिनिस्टर्स ने शपथ ली। वहीं 5 राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और 36 राज्य मंत्री बनाए गए हैं। मोदी समेत 72 मंत्रियों ने शपथ ली। मंत्रिमंडल में सिर्फ 15% यानी 11 मंत्री NDA के घटक दलों से है। कैबिनेट में 33 चेहरे नए हैं। फिलहाल एक भी मुस्लिम मंत्री नहीं है। कांग्रेस या अन्य पार्टियों से भाजपा में आए 13 लोगों को भी मंत्रिमंडल में जगह मिली है।
सहयोगी दलों से कितने मंत्री: 30 कैबिनेट मंत्रियों में से JDS, HAM, JDU, TDP और LJP(R) से एक-एक मंत्री बनाए गए। 5 राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) में से एक शिवसेना और एक RLD से है। 36 राज्य मंत्रियों में RPI(A), JDU, अपना दल (S) और TDP से एक-एक मंत्री को जगह मिली है। भाजपा के 14 सहयोगियों के पास लोकसभा की 53 सीटें हैं। मंत्रिपरिषद में मंत्रियों की संख्या लोकसभा के कुल सदस्यों (543) की संख्या के 15% यानी 81 से ज्यादा नहीं हो सकती। अब कैबिनेट में सिर्फ 9 मंत्रियों की ही जगह बची है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
2. भारत ने पाकिस्तान को 6 रन से हराया, टी-20 वर्ल्ड कप में सबसे छोटा स्कोर डिफेंड किया
​भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप मैच में पाकिस्तान को 6 रन से हरा दिया। टीम इंडिया पहले बल्लेबाजी करते हुए 19 ओवर में 119 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टी-20 इंटरनेशनल में पाकिस्तान ने पहली बार भारत को ऑल आउट किया। जवाब में पाकिस्तान की टीम 7 विकेट पर 113 रन ही बना सकी।
टी-20 इंटरनेशनल में भारत ने यह सबसे छोटा स्कोर डिफेंड किया है। इससे पहले भारत ने 2016 में जिम्बाब्वे को 138 रन नहीं बनाने दिए थे। भारत और पाकिस्तान ने वर्ल्ड कप (टी-20 और वनडे मिलाकर) में कुल 16 मैच खेले हैं। 15 में भारत और सिर्फ एक (2021) में पाकिस्तान को जीत मिली है।
मैच के हाईलाइट्स: भारत से ऋषभ पंत ने सबसे ज्यादा 42 रन बनाए, अक्षर पटेल ने 20 रन बनाए। पाकिस्तान के नसीम शाह और हारिस रऊफ ने 3-3 विकेट लिए। मोहम्मद आमिर ने 2 और शाहीन शाह अफरीदी ने एक विकेट लिया।
पाकिस्तान से मोहम्मद रिजवान ने 31, इमाद वसीम ने 15 रन बनाए। उस्मान खान, फखर जमान और कप्तान बाबर आजम ने 13-13 रन बनाए। भारत से जसप्रीत बुमराह ने 3 और हार्दिक पंड्या ने 2 विकेट लिए। अर्शदीप सिंह ने एक विकेट लिया।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
3. कश्मीर में बस पर आतंकी हमला, ड्राइवर को गोली मारी, बस खाई में गिरी, 10 की मौत
जम्मू-कश्मीर के रियासी में आतंकियों ने श्रद्धालुओं को ले जा रही बस पर हमला कर दिया। इसमें 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 33 लोग घायल हो गए। रियासी जिले के कंदा इलाके में यह अटैक उस वक्त हुआ जब नई दिल्ली में PM मोदी और नई कैबिनेट का शपथ ग्रहण समारोह चल रहा था। आंतकियों ने ड्राइवर को गोली मारी, जिससे उसका बस से कंट्रोल खो गया और बस खाई में जा गिरी।
LG बोले- दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा: जम्मू-कश्मीर के लेफ्टिनेंट गवर्नर मनोज सिन्हा ने कहा कि PM नरेंद्र मोदी ने स्थिति का जायजा लिया है और मुझे निर्देश दिया है कि हालात पर नजर रखूं। इस हरकत के पीछे जो भी लोग होंगे उन्हें जल्द से जल्द सजा दी जाएगी।
36 दिन में तीसरा हमला: इससे पहले 18 मई को शोपियां में आतंकियों ने लोकल भाजपा नेता ऐजाज अहमद शेख को गोली मारी थी। 4 मई को पुंछ में एयरफोर्स के जवानों पर हुए आतंकी हमले में एक जवान शहीद हुआ था, 5 घायल हुए थे। 17 अप्रैल को आतंकियों ने अनंतनाग में बिहार के एक शख्स पर हमला किया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पूरी खबर यहां पढ़ें…
4. पटनायक के करीबी पांडियन का राजनीति से संन्यास, BJD की हार का जिम्मेदार ठहराया जा रहा था
ओड‍िशा के पूर्व मुख्यमंत्री BJD चीफ नवीन पटनायक के करीबी और BJD नेता वीके पांडियन ने राजनीति से संन्यास की घोषणा कर दी। उन्होंने एक वीडियो में कहा, ‘मेरे खिलाफ चलाए गए प्रचार अभियान के कारण BJD की हार हुई है तो मुझे खेद है।’ दरअसल, स्थानीय नेता पांडियन से नाराज चल रहे थे। BJP की हार की वजह पांडियन को बताया जा रहा था। ओडिशा विधानसभा की 147 सीटों में से BJP ने 78 सीटें जीती हैं। वहीं, पटनायक की BJD को सिर्फ 51 सीटें मिली हैं।
पटनायक बोले- पांडियन की आलोचना गलत: पटनायक ने 8 जून को मीडिया से कहा था, ‘मेरी हार के लिए वीके पांडियन की आलोचना करना दुर्भाग्यपूर्ण है। ​पांडियन ने IAS पद से इस्तीफा देकर BJD जॉइन की और पार्टी के लिए बिना किसी स्वार्थ के काम किया। उन्होंने पार्टी में कोई भी पद नहीं लिया, चुनाव भी नहीं लड़ा। उन्हें उनकी ईमानदारी के लिए हमेशा याद रखा जाना चाहिए। जहां तक उत्तराधिकारी का सवाल है, मैंने पहले भी कहा था कि वे उत्तराधिकारी नहीं है। इसका फैसला जनता करेगी।’
पूरी खबर यहां पढ़ें…
5. मुंबई में एक रनवे पर दो प्लेन पहुंचे: एक टेकऑफ कर रहा था, तभी दूसरे की लैंडिंग हुई
मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक बड़ा हादसा टल गया। यहां एक ही रनवे पर दो प्लेन एक साथ दिखाई दिए। रनवे पर इंडिगो का प्लेन लैंड कर रहा था, जबकि इसके ठीक आगे एअर इंडिया का विमान उड़ान भरने (टेकऑफ) की तैयारी में था। दोनों ही विमान एयरबस A320 थे। इनमें कुल 300 पैसेंजर सवार थे।
क्या कार्रवाई हुई: डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही एक एयर ट्रैफिक कंट्रोल अफसर को सस्पेंड किया है। दोनों विमानों को एक-दूसरे के रनवे पर होने की जानकारी नहीं थी। दोनों की स्पीड स्लो होती तो हादसा हो सकता था।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
6. JEE एडवांस्ड रिजल्ट 2024: इंदौर के वेद लाहोटी टॉपर, 25.85% कैंडिडेट्स पास हुए
इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, मद्रास (IIT Madras) ने JEE एडवांस्ड रिजल्ट 2024 जारी कर दिया। इंदौर के वेद लाहोटी ने टॉप किया है। लाहोटी को 360 में से 355 मार्क्स मिले हैं। कैंडिडेट्स JEE एडवांस्ड की ऑफिशियल वेबसाइट jeeadv.ac.in पर जाकर अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं।
48,248 कैंडिडेट हुए पास: JEE एडवांस्ड के पेपर 1 और 2 के लिए 1 लाख 80 हजार 200 कैंडिडेट्स ने एग्जाम दिया था। इसमें से 48,248 उम्मीदवारों ने JEE एडवांस्ड एग्जाम क्लियर किया है, जिनमें 40,284 मेल कैंडिडेट्स और 7,964 फीमेल कैंडिडेट्स हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
7. पुतिन की दोनों बेटियां इकोनॉमिक समिट में दिखीं, डिफेंस-साइंस पर भाषण दिया
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की बेटियों मारिया वोरोत्सोवा (39) और कतेरिना तिखोनोवा (37)। ने सेंट पीटर्सबर्ग इंटरनेशनल इकोनॉमिक फोरम में हिस्सा लिया। मारिया रूस की हेल्थ मिनिस्ट्री में एंडोक्रोनोलॉजी डिपार्टमेंट में रिसर्चर हैं। वहीं, कतेरिना रूस के डिफेंस सेक्टर के लिए टेक सपोर्ट का काम करती हैं। दोनों पब्लिक में काफी कम नजर आती हैं।
अमेरिका ने दोनों पर 2022 में बैन लगाया था: पुतिन की दोनों बेटियों पर अमेरिका ने रूस-यूक्रेन जंग शुरू होने के बाद बैन लगा दिया था। अमेरिका का मानना था कि पुतिन ने अपने बच्चों के नाम पर विदेशों में काफी संपत्ति जमा कर रखी है। बैन लगाने से पुतिन पर आर्थिक रूप से असर पड़ेगा।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
आज का कार्टून By मंसूर नकवी…
कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…
अब खबर हटके…
पूर्व सैनिक ने 100 साल की उम्र में शादी रचाई, पत्नी की उम्र 96 साल
द्वितीय विश्व युद्ध के पूर्व सैनिक हेरोल्ड टेरेंस ने 96 साल की प्रेमिका से शादी रचाई। टेरेंस ने फ्रांस के नॉरमैंडी बीच पर 8 जून को शादी की। इसी दिन अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मिलने नॉरमैंडी बीच पहुंचे थे। दंपती को एलिसी पैलेस में मैक्रों और बाइडेन के साथ राजकीय रात्रिभोज में आमंत्रित किया गया।
भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…
आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…
मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.

source

Previous post Gold-Silver Price Varanasi : सोने-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट, खरीदने का अच्छा मौका, जानें ताजा रेट – News18 हिंदी
Next post Modi 3.0 First Cabinet: पीएम मोदी की नई कैबिनेट का बड़ा फैसला, पीएम आवास योजना के तहत तीन करोड़ नए घर बनेंगे – अमर उजाला

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *