चुनाव आयोग ने मध्यप्रदेश की अमरवाड़ा विधानसभा सीट पर उपचुनाव की तारीख की घोषणा कर दी है। यहां 10 जुलाई को मतदान और 13 जुलाई को काउंटिंग होगी। कांग्रेस विधायक कमलेश शाह के इस्तीफे के बाद अमरवाड़ा सीट खाली हुई थी।
इधर, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और ज्योतिरादित्य सिंधिया के केंद्रीय मंत्री बनने के बाद दोनों नेता 18 जून तक अपने वर्तमान पदों से इस्तीफा देंगे। शिवराज सिंह बुधनी से विधायक हैं। जबकि सिंधिया राज्यसभा सदस्य हैं।
नियमानुसार कोई नेता सांसद या विधायक एक ही पद पर रह सकता है। रिजल्ट के 14 दिन में इस्तीफा देना होता है। हालांकि इन सीटों पर उपचुनाव की घोषणा बाद में की जाएगी।
तारीख का ऐलान होते ही आचार संहिता लागू हुई
चुनाव आयोग ने सोमवार को देशभर की कुल 13 विधानसभा सीटों के लिए उप चुनाव की तारीख का ऐलान किया। इसमें अमरवाड़ा भी शामिल हैं। तारीख का ऐलान होते ही आचार संहिता लागू हो गई है। आचार संहिता केवल अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में ही लागू रहेगी। छिंदवाड़ा की बाकी विधानसभाओं में पर आचार संहिता का असर नहीं रहेगा।
शाह पर ही दांव खेल सकती है बीजेपी
लोकसभा चुनाव के बीच कमलेश शाह कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। इसके साथ ही उन्होंने अपनी विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने 29 मार्च को उनका इस्तीफा मंजूर कर लिया था। जिसके बाद से यह सीट खाली हो गई थी।
माना जा रहा है कि अमरवाड़ा सीट से बीजेपी शाह पर ही दांव खेल सकती हैं। वहीं, कांग्रेस नए चेहरे को मैदान में उतार सकती है।
कभी कमलनाथ के खास रहे हैं कमलेश प्रताप शाह
विधायकी छोड़ने वाले कमलेश प्रताप शाह कमलनाथ के खास रहे हैं। वे छिंदवाड़ा जिले की अमरवाड़ा विधानसभा सीट से तीन बार से विधायक रहे हैं।
दो और सीटों पर उपचुनाव की संभावना
दो कांग्रेस विधायक विजयपुर से रामनिवास रावत और बीना से विधायक निम्रला सप्रे ने भी भाजपा की सदस्यता ले ली है। हालांकि अभी दोनों ने अपने पद से इस्तीफा नहीं दिया है। इन सीटों पर भी उपचुनाव की संभावना है।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.
