लोकसभा चुनाव 2024: कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे के बेटे प्रियांक का दावा- RSS के सर्वे में भाजपा 200 सीटें भी नहीं… – Dainik Bhaskar

Spread the love

कर्नाटक में मंत्री और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे प्रियांक खड़गे ने दावा किया है कि RSS के सर्वे में भाजपा को 200 सीटें भी नहीं मिल रही हैं। कर्नाटक में भाजपा आपस में लड़ रही है।
इससे पहले कांग्रेस ने शनिवार को गोवा, मध्य प्रदेश और दादरा के लिए उम्मीदवारों की एक लिस्ट जारी की है। इस लिस्ट में 6 उम्मीदवारों के नाम हैं। इनमें मध्य प्रदेश के लिए 3, गोवा के लिए 2 और दादरा के लिए एक उम्मीदवार का ऐलान किया है। पार्टी ने अब तक 240 सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित किए हैं।
कांग्रेस ने MP के ग्वालियर से पूर्व विधायक प्रवीण पाठक, मुरैना से पूर्व विधायक सत्यपाल सिंह सिकरवार (नीटू) और खंडवा से नरेंद्र पटेल को टिकट दिया है। पार्टी ने राज्य की 29 सीटों में से 28 पर उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। जबकि खजुराहो सीट सपा के लिए छोड़ी गई है।
वहीं, नॉर्थ गोवा सीट से रमाकांत खलप और साउथ गोवा सीट से कैप्टन विरियाटो फर्नांडीस को उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि दादरा एंड नगर हवेली (एसटी) सीट से अजीत रामजीभाई माहला चुनाव लड़ेंगे।
उधर, महाराष्ट्र में डिप्टी सीएम देवेंद्र फड़णवीस ने शनिवार को बताया कि एकनाथ शिंदे के बेटे श्रीकांत शिंदे कल्याण सीट से चुनाव लड़ेंगे।
कल्याण लोकसभा सीट पर उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (UBT) ने लोकसभा चुनाव में वैशाली दरेकर-राणे को उम्मीदवार बनाया है। कल्याण शिवसेना का गढ़ भी कहा जाता है। 2019 के चुनाव में इस सीट पर श्रीकांत शिंदे की जीत हुई थी।
देशभर में लोकसभा चुनाव से जुड़े अपडेट्स यहां पढ़ें…
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह चुनाव प्रचार करने मध्य प्रदेश के सीधी पहुंचे। यहां उन्होंने कहा- एक फिल्म आई थी- मैंने प्यार किया। इसमें एक गाना था- तू चल, मैं आई। कांग्रेस और भ्रष्टाचार का ऐसा ही कुछ रिश्ता है। करप्शन कहता है, कांग्रेस तू चल, मैं आया। जहां भी कांग्रेस की सरकार आई, वहां करप्शन पहुंच गया। देश में कांग्रेस समाप्त हो गई है। जैसे क्रिकेट में महेंद्र सिंह धोनी सबसे अच्छे फिनिशर हैं, वैसे ही राहुल गांधी भारतीय राजनीति में टॉप फिनिशर हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे प्रियांक खड़गे ने शनिवार 6 अप्रैल को दावा किया कि RSS के सर्वे के मुताबिक भाजपा इस बार लोकसभा की 200 सीटें भी नहीं जीत रही। उन्होंने कहा कि भाजपा कर्नाटक में इस बार 8 सीटें भी नहीं जीत रही।
प्रियांक ने कहा कि कर्नाटक में भाजपा आपस में लड़ रही है। उनके कई नेता पार्टी को शुद्ध करने के बारे में बोल रहे हैं। वे कह रहे हैं कि भाजपा कर्नाटक में एक परिवार के कारण प्रदूषित हो गई है। भाजपा में बसनगौड़ा पाटिल यतनाल, सीटी रवि, अनंतकुमार हेगड़े, ईश्वरप्पा जैसे हिंदुत्व नेताओं के साथ अन्याय हो रहा है।
चुनावी रैलियों को दौर चल रहा है। असम के शिवसागर में रैली करने पहुंचे सीएम हिमंता बिस्व सरमा ने मोदी सरकार पर बने गाने पर डांस किया।
MDMK प्रमुख वाइको ने तिरुचिरापल्ली में अपनी पार्टी मेनिफेस्टो जारी किया।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने जयपुर में कहा- अगर हमारी सरकार आती है तो हमारी तरफ से दी गईं 25 गारंटी पूरी करेंगे। हम पीएम मोदी जैसे नहीं हैं, हम झूठ नहीं बोलते। उन्होंने कई गारंटी दीं, लेकिन मैं आपसे पूछता हूं कि कौन सी गारंटी पूरी हुई। उन्होंने गारंटी दी थी कि हर साल 2 करोड़ नौकरियां देंगे। इस लिहाज से उन्हें 20 करोड़ नौकरियां देनी थी। क्या आपको 20 करोड़ नौकरियां मिलीं?
राजस्थान के जयपुर में हो रही चुनावी जनसभा में कांग्रेस अपना घोषणा पत्र फिर से लॉन्च कर रही है। इस सभा के जरिए कांग्रेस जयपुर के साथ 5 लोकसभा सीटों को भी साधेगी। जनसभा में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी मौजूद हैं। पूरी खबर पढ़ें …
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने तमिलनाडु के नॉर्थ चेन्नई से भाजपा उम्मीदवार आर सी पॉल कनगराज के लिए कैंपेंन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि इंडिया अलांयस दिल्ली में एक-दूसरे को गले लगा रहा है और केरल में एक-दूसरे को ठग रहा है।
महाराष्ट्र में डिप्टी सीएम देवेंद्र फड़णवीस ने बताया कि एकनाथ शिंदे के बेटे श्रीकांत शिंदे महाराष्ट्र की कल्याण सीट से चुनाव लड़ेंगे।
लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने मध्यप्रदेश की बाकी बची 3 सीटों पर भी प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर दिया है। ग्वालियर से पूर्व विधायक प्रवीण पाठक, मुरैना से पूर्व विधायक सत्यपाल सिंह सिकरवार (नीटू) और खंडवा से नरेंद्र पटेल को टिकट दिया है।
खंडवा में नरेंद्र पटेल का भाजपा के ज्ञानेश्वर पाटिल से मुकाबला है। कांग्रेस ने मुरैना में भाजपा के शिवमंगल सिंह के सामने सत्यपाल सिंह सिकरवार को मैदान में उतारा है। वहीं, ग्वालियर में भाजपा के भारत सिंह कुशवाह के सामने प्रवीण पाठक को टिकट दिया है।
कांग्रेस ने अब तक मध्यप्रदेश की 29 सीटों में से 28 पर उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। जबकि खजुराहो सीट सपा के लिए छोड़ी गई है। पूरी खबर पढ़ें …
NDA के सहयोगी दल AMMK के त्रिची लोकसभा सीट से उम्मीदवार पी सेंथिलनाथन ने चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है। इस रैली में उनकी पार्टी के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
त्रिपुरा में लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने 40 स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी की है। इसमें मल्लिकाुर्जन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का नाम है।
भारतीय जनता पार्टी (BJP) का 6 अप्रैल यानि आज स्थापना दिवस है। हैदराबाद में तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने भाजपा स्थापना दिवस के अवसर पर पार्टी कार्यालय में झंडा फहराया।
PM मोदी आज दो राज्यों में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। PM की पहली रैली उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में होगी। इसके बाद प्रधानमंत्री राजस्थान के पुष्कर में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। शाम को वे गाजियाबाद में एक रोड शो में हिस्सा लेंगे।
भाजपा के स्थापना दिवस पर एमपी के 64523 बूथों पर शनिवार को कार्यक्रमों का आयोजन होगा। भाजपा नेताओं ने दावा किया है कि प्रदेश भर में 1 लाख लोग पार्टी की सदस्यता लेंगे, जिसमें कांग्रेस सहित अन्य दलों के नेता और कार्यकर्ता शामिल हैं। मुख्य कार्यक्रम भोपाल स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में सुबह 9.30 बजे आयोजित होगा। यहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, लोकसभा चुनाव प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह पार्टी का ध्वज फराएंगे। पूरी खबर पढ़ें …
तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने 10 मार्च को पश्चिम बंगाल की 42 लोकसभा सीटों पर अपने कैंडिडेट्स की घोषणा कर दी। पार्टी ने बहरामपुर सीट से कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी के खिलाफ क्रिकेटर यूसुफ पठान को उतारा है।
इसके अलावा आसनसोल से अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा और दुर्गापुर से पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद का नाम शामिल है। TMC ने बशीरहाट लोकसभा सीट से एक्ट्रेस नुसरत जहां और जादवपुर सीट से एक्ट्रेस मिमी चक्रवर्ती का टिकट काट दिया है।
TMC ने 2024 लोकसभा चुनाव के लिए 16 मौजूदा सांसदों को टिकट दिया है। इनमें 12 महिलाएं भी शामिल हैं। इसके अलावा बंगाली फिल्म इंडस्ट्री के दो बड़े चेहरे रचना बनर्जी को हुगली और दीपक अधिकारी देव को घाटल से टिकट दिया है। पूरी खबर पढ़ें …
लोकसभा चुनाव 2024 के लिए कांग्रेस ने 234 सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। राहुल गांधी वायनाड से चुनाव लड़ेंगे। वे अभी भी वहीं से सांसद हैं। छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल को राजनांदगांव और शशि थरूर को तिरुवनंतपुरम से टिकट मिला है। थरूर के खिलाफ भाजपा ने केंद्रीय राज्यमंत्री राजीव चंद्रशेखर को मैदान में उतारा है।
मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ को छिंदवाड़ा से तो राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत को जालोर से टिकट दिया गया है। पूरी खबर पढ़ें …
लोकसभा चुनाव 2024 के लिए भाजपा ने 417 सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। भाजपा उम्मीदवारों में कंगना रनौत, जस्टिस अभिजीत गांगुली, मेनका गांधी जैसे बड़े नाम भी शामिल हैं। कंगना रनौत पहली बार चुनाव लड़ेंगी और वह लंबे समय से भाजपा का समर्थन करती रही हैं।
हरियाणा के पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर करनाल लोकसभा सीट से उम्मीदवार होंगे। वे विधायक पद से इस्तीफा दे चुके हैं। माना जा रहा है कि उन्हें लोकसभा सांसद बनने के बाद केंद्र में मंत्री के तौर पर शामिल किया जा सकता है।
अब तक भाजपा ने जिन उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं, उनमें पीएम नरेंद्र मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, मनोहर लाल खट्टर, स्मृति इरानी और पीयूष गोयल जैसे नाम शामिल हैं। पूरी खबर पढ़ें …
चुनाव आयोग ने 16 मार्च को लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों का ऐलान किया। इसी के साथ आचार संहिता भी लागू हो गई। 543 सीटों के लिए चुनाव सात फेज में होगा। पहले फेज की वोटिंग 19 अप्रैल को और आखिरी फेज की वोटिंग 1 जून को होगी। 4 जून को नतीजे आएंगे। आचार संहिता से लेकर नतीजे तक इसमें 80 दिन लगेंगे।
लोकसभा के साथ 4 राज्यों- आंध्र प्रदेश, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के विधानसभा चुनाव की तारीखें भी जारी कर दी गई हैं। ओडिशा में 13 मई, 20 मई, 25 मई और 1 जून को वोटिंग होगी। बाकी तीन राज्यों में एक फेज में चुनाव होंगे। अरुणाचल और सिक्किम में 19 अप्रैल, आंध्र प्रदेश में 13 मई को वोट डाले जाएंगे।
इलेक्शन शेड्यूल में सीटों की संख्या 543 से बढ़कर 544 सीटें हो गई है। इसकी वजह मणिपुर की आउटर मणिपुर लोकसभा सीट है। इस लोकसभा सीट में 28 विधानसभा सीटें है। 15 विधानसभा सीटों में 19 अप्रैल को और 13 विधानसभा सीटों में 26 अप्रैल को मतदान होगा। पूरी खबर पढ़ें …
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.

source

Previous post Lakh Take Ki baat : PM नरेंद्र मोदी का मिशन UP – News Nation
Next post आज की ताजा खबर LIVE: मुंबई के सायन कोलीवाडा इलाके में फायरिंग, एक घायल – TV9 Bharatvarsh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *