2024 लोकसभा चुनाव में बीजेपी की नजर हैट्रिक लगाने पर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पार्टी लगातार तीसरी बार केंद्र की सत्ता पर काबिज होने की कवायद में जुटी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बार के लोकसभा चुनाव में एनडीए के लिए 400 सीटों से ज्यादा का टारगेट रखा है। वहीं, अकेले बीजेपी के लिए वह 370 से ज्यादा सीटें जीतने की बात कर रहे हैं। इसके लिए पार्टी ने ‘अब की बार 400 पार’ का नारा दिया है। पर पिछले आम चुनावों में 303 सीटें जीतने वाली पार्टी ने 40 सीटें ऐसे जीतीं थीं जिन पर हार-जीत का अंतर 50 हजार से भी कम वोटों का था।
इतने कम अंतर से जीती गई सीट पर अगले चुनाव में बाजी पलटने का भी खतरा रहता है। अगर ऐसा हुआ तो भाजपा द्वारा जीती गई इन 40 सीटों में उलटफेर होने से उसकी जीती गयी सीटों की संख्या घटकर 263 हो सकती है। यह बहुमत के आंकड़े से भी कम हो जाएगा। गौरतलब है कि 543 सदस्यों वाली लोकसभा के लिए बहुमत का आंकड़ा 272 है।
लोकसभा चुनाव 2019 में बीजेपी की जीती 77 सीटों पर मार्जिन (जीत-हार का अंतर) एक लाख से भी कम वोटों का रहा था। इनमें से सबसे ज्यादा 30 सीटें वो थीं जिन पर पार्टी का सीधा मुक़ाबला कांग्रेस से था। इन सीटों पर भी इस बार मुकाबला कांटे का हो सकता है।
कम मार्जिन से जीती गई सीटों के संभावित नुकसान की भरपाई के लिए भारतीय जनता पार्टी कई कदम उठा रही है। वह जहां तक संभव हो सके, छोटी-छोटी स्थानीय पार्टियों को अपने पाले में ला रही है। साथ ही, बीजेपी का फोकस उन सीटों पर भी है जहां वह कम वोटों के अंतर से हार गई थी।
गठबंधन में ज्यादा से ज्यादा पार्टियों को शामिल करने के साथ-साथ दूसरी पार्टी के जिताऊ उम्मीदवारों को भी भाजपा में लाकर टिकट दिए जाने की रणनीति है। बड़ी संख्या में मौजूदा सांसदों के टिकट काटे भी गए हैं।
बीजेपी दक्षिण भारत के मतदाताओं को लुभाने की कोशिश में हर तरह से लगी है, लेकिन समीकरण अनुकूल नहीं हैं। आंध्र प्रदेश और तेलंगाना का रिकॉर्ड ऐसा रहा है कि बीजेपी के लिए कोई उम्मीद नहीं दिखाई देती। इन राज्यों में लोकसभा की 42 सीटें हैं। लिहाजा संभावनाएं तो हैंं,पर उम्मीद नहीं। यहां क्लिक कर विस्तार से पढ़िए
आइए पिछले पांच चुनावों में भारतीय जनता पार्टी के प्रदर्शन पर नजर डालते हैं और देखते हैं कि पार्टी ने कुल कितना वोट हासिल किया और लड़ी हुई सीटों पर उसे कितना वोट हासिल हुआ।
2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी का प्रदर्शन
पिछले आम चुनावों में भाजपा को ओवरऑल 37.3% वोट मिले थे। वहीं, लड़ी हुई सीटों पर पार्टी को 261.77 प्रतिशत वोट मिले थे।
लोकसभा चुनाव 2014 में बीजेपी का प्रदर्शन
2014 के आम चुनावों में भाजपा को कुल 31% वोट मिले थे। वहीं, लड़ी हुई सीटों पर 213.61 प्रतिशत वोट मिले थे।
2009 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी का प्रदर्शन
2009 के आम चुनावों में भाजपा को कुल 18.8 प्रतिशत वोट मिले थे। वहीं, लड़ी हुई सीटों पर 130.98 प्रतिशत वोट मिले थे।
लोकसभा चुनाव 2004 में बीजेपी का प्रदर्शन
2004 के आम चुनावों में भाजपा को कुल 22.16 प्रतिशत वोट मिले थे। वहीं, लड़ी हुई सीटों पर 156.32 प्रतिशत वोट मिले थे।
लोकसभा चुनाव 1999 में बीजेपी का प्रदर्शन
1999 के आम चुनावों में भाजपा को कुल 23.75 प्रतिशत वोट मिले थे। वहीं, लड़ी हुई सीटों पर 160.05 प्रतिशत वोट मिले थे।
